उद्योगनगरी में बढ़े महिला अत्याचार के मामले

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – पिंपरी चिंचवड़ की उद्योगनगरी में महिला अत्याचार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इन बढ़ते मामलों ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। बीते दो दिनों में बलात्कार एवं छेड़छाड़ के लगातार चार मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मामले में तो अभिभावकों की गैरमौजूदगी में घर में घूसकर किशोर उम्र की लड़की के साथ यौनाचार किये जाने की घटना सामने आई है।
वाकड़ इलाके में एक 14 साल की किशोरी के घर में घूसकर उसके अभिभावकों की गैरमौजूदगी में उसके साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। गत वर्ष दशहरे से 15 फरवरी 2020 तक किशोरी का यौन उत्पीड़न किया जाता रहा है। इस बारे में पीड़ित किशोरी की 38 वर्षीय मां ने वाकड़ पुलिस थाने में अमोल वाघमारे (27, निवासी थेरगांव, पुणे) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी अक्सर किशोरी के घर में तब घुस जाता जब वह घर पर अकेली होती थी। उसे प्यार का झांसा देकर और माता- पिता और भाई को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता।
यहां चिंचवड़ के बर्ड वैली गार्डन में शादी का झांसा देकर एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ शारिरिक संबन्ध बनाकर उसे आठ माह का गर्भवती बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोरी के गर्भवती होने पर यह मामला सामने आया। इसके बाद उसकी 35 वर्षीय मां ने निगड़ी पुलिस थाने में व्यंकटेश जगदाले (निवासी विद्यानगर, चिंचवड, पुणे) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने किशोरी से जान पहचान बढाई। गत सात से आठ माह से उसे बर्ड वैली गार्डन में ले जाकर उसके साथ शारिरिक संबन्ध बनाये। जब लड़की गर्भवती हो गई तब यह पूरा मामला सामने आया। लड़की की मां की शिकायत के आधार पर निगड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्रोजेक्ट पेपर्स लाने गई किशोरी का अपहरण
प्रोजेक्ट पेपर्स लाने के लिए दुकान जाने निकली एक किशोर उम्र की लड़की को जबरन ऑटो रिक्शा में बिठाकर उसका अपहरण कर लिए जाने का मामला सामने आया है। लड़की की मां को जान से मारने की धमकी देकर उसे अगवा करने के बाद उसे रिक्शा से नीचे धकेल दिया। शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे निगड़ी में हुई इस वारदात को लेकर कैलास विटकर (32), राहुल धोत्रे (32), अजय शिंदे (32, सभी निवासी ओटास्किम, निगडी, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ पीड़ित लड़की की मां ने निगड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि लड़की प्रोजेक्ट पेपर्स लाने के लिए घर से निकली थी। दुकान जाते वक़्त तीनों आरोपियों ने एक स्कूल के पास से उसे जबरन ऑटो रिक्शा में बिठाया। कैलाश और राहुल ने उसका मुंह दबाकर उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद यमुनानगर में एक स्कूल के पास लड़की को रिक्शा में धकेल दिया।
नौकरी से निकालने की धमकी देकर शरीर सुख की मांग
नौकरी से निकालने की धमकी देकर कर्मचारी महिला से शरीर सुख की मांग किये जाने का मामला निगड़ी प्राधिकरण में सामने आया है। अक्टूबर 2019 से जनवरी 2020 तक घटी इस घटना को लेकर पीड़ित 31 वर्षीय महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर निगडी पुलिस ने अभय नरवडेकर नामक कंपनी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला प्राधिकरण निगडी के हेडगेवार भवन के पास एका कंपनी में काम करती है।आरोपी प्रोजेक्ट हेड के तौर पर कार्यरत था। अपने काम की रिपोर्टिंग करने के लिए जब वह आरोपी के पास जाती थी तो वह उसे कहता कि तुम मुझे बहुत पसंद हो, हम कहीं बाहर घूमने चलते हैं। यही नहीं उसने पीड़ित महिला से शरीर सुख की मांग करते हुए उसे तकलीफ देने लगा। शरीर सुख की मांग के लिए वह पीड़िता को नौकरी से निकालने की धमकी देता। उसकी प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस छानबीन में जुटी है।