बहुप्रतीक्षित वाल्हेकरवाडी पुलिस चौकी का उदघाटन

पिंपरी। सँवाददाता- गत कई दिनों से चिंचवड की वाल्हेकरवाडी में अलग पुलिस चौकी की मांग की जा रही थी। अंततः 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में चिंचवड़ पुलिस थाने के अंतर्गत वाल्हेकरवाडी के चिंतामणी चौक में वाल्हेकरवाडी पुलिस चौकी शुरू की गई। इसका उदघाटन पिंपरी चिंचवड के पुलिस आयुक्त संदीप बिष्णोई और चिंचवड विधानसभा क्षेत्र के विधायक लक्ष्मण जगताप के हाथों किया गया।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रामनाथ पोकले, पुलिस उपायुक्त स्मिता पाटिल, भूतपूर्व उपमहापौर सचिन चिंचवडे, ब प्रभाग अध्यक्षा करुणा चिंचवडे, नगरसेवक नामदेव ढाके, बालासाहेब ओव्हाल, नगरसेवक मोरेश्‍वर शेडगे, पूर्व नगरसेवक राजू दुर्गे, भाजपा कामगार आघाडी के उपाध्यक्ष शंकर पाटील, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन शिवले, प्रदीप नेहते, राहुल पाचपांडे, बिभीषण चौधरी समेत पुलिस के आला अधिकारी, स्थानीय नागिरिक बडी संख्या में उपस्थित थे।
वाल्हेकरवाडी इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिहाज से स्थानीय नगरसेवक नामदेव ढाके गत कई सालों से यहां अलग पुलिस चौकी शुरू करने की मांग कर रहे थे। विधायक लक्ष्मण जगताप ने भी इस बारे में लगातार पत्राचार किया। अंततः उनकी कोशिशें रंग लाई और गणतंत्र दिवस की सालगिरह पर पुलिस आयुक्त संदीप बिश्नोई के हाथों नई पुलिस चौकी का उदघाटन किया गया। उन्होंने शहरवासियों को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।