राष्ट्रपति ने ‘इन’ चार हस्तियों को राज्यसभा में किया मनोनीत

दिल्ली | ऑनलाइन

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राकेश सिन्हा, सोनल मानसिंह, रघुनाथ महापात्र और राम सकल सिंह को राज्यसभा के लिये मनोनीत किया है। सूत्रों के अनुसार संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए और प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने इन चार लोगों को राज्यसभा के लिये मनोनीत किया है।

चारों हस्तियां चार अलग-अलग राज्यों से हैं और ये अपने-अपने क्षेत्र में काफी मशहूर हैं। 2019 के चुनावों को लेकर इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राम शकल उत्तर प्रदेश से आते हैं। इन्होंने दलित समुदाय में काफी काम किया है। वहीं, राकेश सिन्हा संघ के विचारक हैं। वह टीवी चैनलों पर बीजेपी का पक्ष रखते हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में असोसिएट प्रफेसर भी हैं। सोनल मानसिंह देश की विख्यात डांसर हैं। रघुनाथ महापात्रा ने जगन्नाथ मंदिर से संबंधित महत्वपूर्ण काम किया है। वह उड़ीसा से आते हैं।

चार मनोनीत सांसदों के बाद संसद में भाजपा व एनडीए की ताकत और बढ़ेगी। 245 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा अब सबसे बड़ी पार्टी है और उसके 69 सांसद है। कांग्रेस 50 सांसदों के साथ दूसरे नंबर पर है। एनडीए और उसको समर्थन देने वाले दलों की संख्या लगभग 100 है।