मप्र में पहले 2 घंटों में 12.60 प्रतिशत मतदान (लीड-1)

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान जारी है, पहले दो घंटों में 12.60 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके हैं। भिंड ससंदीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर विवाद होने की खबरें आ रही है, कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।

राज्य के आठ संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में मतदान प्रात: सात बजे से शुरू हो गया, यह शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। वहीं, कई स्थानों से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही है।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी वी एल कांताराव ने बताया, “सुबह के दो घंटों में कुल 12.60 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें मुरैना में 10.92, भिंड में 9.76, ग्वालियर में 10.37, गुना में 15.97, सागर में 13.07, विदिशा में 15.32, भोपाल में 10.78 और राजगढ़ में 15.18 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं।”

भिंड संसदीय क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों से विवाद की खबरें आ रही हैं। वहीं, इसी ससंदीय क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से भाजपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं को अपने घरों से बाहर निकलने से रोका गया है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 85 कंपनियां और राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं। राज्य पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित कुल 45 हजार 53 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

बताया गया है कि इस चरण में कुल 138 उम्मीदवार मैदान में हैं, इनमें 14 महिला उम्मीदवार हैं। एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण में होने वाले चुनाव में अधिकांश सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है।

राजाधानी भोपाल में कांग्रेस के दिग्विजय सिह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से है, वहीं गुना में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिधिया की टक्कर भाजपा उम्मीदवार क़े पी़ यादव से है। ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिह के सामने भाजपा के विवेक शेजवलकर हैं।

इसी तरह मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है। राजगढ़ में कांग्रेस की मोना सुस्तानी का मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है। विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव के सामने कांग्रेस ने शैलेंद्र पटेल पर दांव लगाया है

भिड और सागर संसदीय सीटों पर मुकाबला नए चेहरों के बीच है। भिड से भाजपा ने संध्या राय और कांग्रेस ने देवाशीष जरारिया को मैदान में उतारा है। वहीं, सागर में भाजपा के राजबहादुर सिह का मुकाबला कांग्रेस के प्रभु सिह ठाकुर से है।