महंगे कूलर चुराने वाली अंतरराज्यीय गैंग पुलिस के शिकंजे में

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – सीजन के हिसाब चोरियां करनेवाली एक अंतरराज्यीय गैंग पर पिंपरी चिंचवड़ की वाकड़ पुलिस ने शिकंजा कसने में सफलता पाई है। इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर वाकड़ पुलिस की डीबी (डिटेक्शन ब्रांच) ने 10 लाख रुपए के महंगे 86 कूलर बरामद किए हैं। योगेश बाबाजी पुतमाली, अजीज बादशाह सय्यद और ज्ञानेश्वर रामराव पल्हाल ऐसे गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं।
वाकड़ थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश माने से मिली जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के मौसम में कूलर की मांग बढ़ी है। इसके चलते पिंपरी-चिंचवड शहर में डिजीवन स्नेहांनजली शोरूम का गोदाम कूलर के स्टॉक से भरा हुआ था। यही मौका साधकर आरोपियों ने गोदाम में सेंध लगाई और यहां से 90 महंगे कूलर चुरा लिए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
इस बारे में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद वाकड़ थाने की डीबी के पुलिस उपनिरीक्षक हरीश माने के नेतृत्व वाली टीम मामले की छानबीन में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज हासिल करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तब पुलिस टीम को आरोपियों के औरंगाबाद में रहने की खबर मिली। इसके अनुसार उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तब उन्होंने वारदात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर उनसे 86 कूलर बरामद किए। इनकी कीमत 10 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुणे ग्रामीण और औरंगाबाद पुलिस में मामले दर्ज हैं। यह गैंग हर सीजन के हिसाब से चोरियां करती थी। इससे पहले उन्होंने बरसात के सीजन में छाते और रेनकोट भी चुराए थे। इसके अलावा एक अन्य वारदात में उन्होंने सौ लैपटॉप भी चुराए हैं। उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई को थाने के पुलिस निरीक्षक (क्राइम) ज्ञानेश्वर साबले, उपनिरीक्षक हरीश माने, कर्मचारीविक्रम कुदल, प्रमोद कदम के समावेशवाली टीम ने अंजाम दिया।