स्थायी समिति सभापति के लिए भाजपा के लोंढे व राष्ट्रवादी के भालेकर मैदान में

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – नए आठ सदस्यों की नियुक्ति के बाद पिंपरी चिंचवड़ मनपा की सबसे अहम माने जाने वाली स्थायी समिति का नए सभापति की उत्सुकता सोमवार को खत्म हो गई। इस पद के लिए सत्तादल भाजपा ने वरिष्ठ नगरसेवक संतोष लोंढे को प्रत्याशी घोषित किया है। आज नामांकन पत्र दाखिल करने की मियाद में भाजपा की ओर से लोंढे और प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से पंकज भालेकर ने नामांकन दाखिल किया। 16 सदस्यों वाली इस समिति में भी सत्तादल का वर्चस्व रहने से संतोष लोंढे का सभापति चुना जाना तय है। शुक्रवार को इस पद के लिए घोषित चुनाव महज औपचारिकता भर साबित होगा।
स्थायी समिति ‘विटामिन एम’ की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। जारी पंचवर्षीय सत्र समाप्त होने में अभी दो ही साल बचे हैं। ऐसे में हर कोई इस समिति के सभापति पद का दावेदार बना रहा। मनपा तिजोरी की चाबियां संभालने वाली स्थायी समिति में 16 सदस्यों में संख्याबल के हिसाब से सत्तादल के 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस के चार, शिवसेना और भाजपा समर्थित निर्दलीयों के मोर्चा के एक- एक सदस्य हैं। शनिवार को मौजूदा सभापति विलास मडिगेरी, पूर्व सभापति ममता गायकवाड, सागर आंगोलकर, राजेंद्र गावडे, करुणा चिंचवडे, नम्रता लोंढे और राष्ट्रवादी काँग्रेस की गीता मंचरकर, प्रज्ञा खानोलकर का कार्यकाल खत्म हो गया। उनकी जगह पर भाजपा के शशिकांत कदम, अंबरनाथ कांबले, संतोष कांबले, अभिषेक बारणे, भीमाबाई फुगे, सुवर्णा बोरुडे और राष्ट्रवादी कांग्रेस की पौर्णिमा सोनवणे, सुलक्षणा धर शिलवन्त इन नए सदस्यों की नियुक्ति की गई है।
सदस्यों की नियुक्तियों के पश्चात नए सभापति को लेकर मनपा गलियारों में उत्सुकता देखी जा रही थी।अब तक के तीन साल लगातार भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप गुट के नगरसेवकों को सभापति पद मिला है। इस बार भोसरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक एवं शहराध्यक्ष महेश लांडगे गुट के नगरसेवक को मौका मिलने की उम्मीद थी। लांडगे गुट के संतोष लोंढे के साथ भीमाबाई फुगे, शीतल शिंदे औऱ अभिषेक बारणे भी रेस में थे। आज दोपहर स्थायी समिति सभापति पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की मॉडल तय थी। भाजपा के प्रदेश स्तर से वरिष्ठ नगरसेवक संतोष लोंढे के नाम पर पसंद की मुहर लगा दी। उन्होंने महापौर ऊषा ढोरे, उपमहापौर तुषार हिंगे, सभागृह नेता नामदेव ढाके, स्थायी समिति सभापति विलास  मडिगेरी, पूर्व महापौर राहुल जाधव आदि की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस ने लोंढे के खिलाफ पंकज भालेकर को मैदान में उतारा है। पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ दीपक म्हैसेकर द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार (6 मार्च) को स्थायी समिति सभापति का चुनाव होगा। पुणे मनपा के अतिरिक्त आयुक्त रूबल अग्रवाल इस चुनाव के निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।