पुणे में आघाडी या गठबंधन होता है तो शिवसेना 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी – संजय राऊत 

पुणे, 5 जून : लोकल बॉडीज चुनाव महाविकास आघाडी के तौर पर एकसाथ लड़ा जाए यही हमारा रुख है। भाजपा जैसे लहर में सत्ता में आई इस वक़्त हमारी लहर है. इसलिए लोकल बॉडीज में महाविकास की सत्ता आएगी।  यह विश्वास व्यक्त करते हुए शिवसेना के प्रवक्ता सांसद संजय राऊत ने कहा कि पुणे में आघाडी में गठबंधन होता है तो शिवसेना 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।  यह बात उन्होंने पुणे में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही है।

शिवसेना भवन में शिवसेना पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राऊत बोल रहे थे।
इस मौके पर शिवसेना के शहर प्रमुख संजय मोरे, मनपा में गुट नेता पृथ्वीराज सुतार उपस्थित थे।
राऊत ने कहा कि हम चाहते है कि  आगामी लोकल बॉडीज चुनाव  महाविकास आघाडी एकसाथ लड़े। इसे लेकर सीनियर लेवल पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।  इसके बाद आघाडी या गठबंधन में चुनाव होता है तो हम 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।  इसे ध्यान में रखते हुए तैयारी शुरू है।

पार्टी के प्रमुख मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना की स्थिति में बेहद संयम से काम किया है।  इस वजह से जनमानस में उनकी छबि लोकप्रिय हुई है।  इसके दम पर हम सभी मनपा और लोकल बॉडीज में महाविकास आघाडी की सत्ता स्थापित करेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने खुद के दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।  इस पर राऊत ने कहा कि हर पार्टी को अपने पार्टी के विस्तार की आजादी है।  वह खुद के दम पर केंद्र की सत्ता में आ सकते है तो उन्हें हमारा समर्थन है।

उन्होंने कहा कि राज्य में महाविकास आघाडी की सरकार है।  लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ जगहों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता में विवाद है।  सीनियर लेवल पर इस पर चर्चा कर रास्ता निकाला जाएगा।  लेकिन इसके बाद स्थानीय स्तर पर शिवसेना को किसी ने परेशान किया तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।  हम वहां शिवसैनिकों के साथ खड़े रहेंगे। हमारे लिए सत्ता की बजाय शिवसेना का महत्व है।

हम पीठ पर नहीं छाती पर वार करते है

पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया  है कि शिवसेना ने पीठ में खंजर घोपा हैं। इसका जवाब देते हुए संजय राऊत ने कहा कि शिवसेना पीठ में खंजर नहीं घोपती सामने से वार करती है और छाती पर वार झेलती है।  पीठ में खंजर घोपने  वाला शब्द अब गायब हो गया है।