पुणे के चंदननगर में चरित्र पर संदेह कर पति ने पत्नी की हत्या की, पति ने भी की आत्महत्या 

पुणे, 2 जून : चरित्र पर संदेह करते हुए पति ने पत्नी की हत्या कर दी।  इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना पुणे में घटी है।  मृतको में उषा योगेश गायकवाड़ (उम्र 28 ) और योगेश तानाजी गायकवाड़ (उम्र 33 ) का नाम शामिल है।  इस मामले में सहायक पुलिस इंस्पेक्टर अण्णासाहेब टापरे ने शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उषा और योगेश की शादी 13 साल पहले हुई थी. उन्हें 10 और 8 साल का दो बेटा है।  उषा घर काम करके परिवार का पेट पालती थी।  योगेश के पास कोई काम नहीं होने की वजह से वह घर में ही रहता था।  योगेश हमेशा अपनी पत्नी उषा के चरित्र पर संदेह करता था।  इसे लेकर दोनों में हमेशा विवाद होता रहता था।

सोमवार की रात इसी बात को लेकर दोनों में फिर से विवाद हुआ था।  रात में सबके सोने के बाद योगेश ने गला दबा कर पत्नी की हत्या कर दी।  इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।  सुबह जब बच्चे सोकर उठे तो पिता को छत से लटका हुआ देखा।  जबकि मां बेसुध पड़ी थी।  इसके बाद यह सारी घटना सामने आई। इस मामले की जांच चंदननगर पुलिस कर रही है.