आर्थिक परेशानियों के चलते पत्नी की हत्या कर फांसी झूल गया पति

पिंपरी। सँवाददाता :  आर्थिक परेशानियों के कारण होनेवाले घरेलू विवाद के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद पति द्वारा खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने की वारदात से पिंपरी चिंचवड की उद्योगनगरी में सनसनी फैल गई है। मंगलवार की सुबह भोसरी के शास्त्रीनगर इलाके में यह वारदात उजागर हुई है।प्रियांका नीलेश देशमुख (30) और नीलेश देशमुख (35, निवासी शास्त्री चौक, आलंदी रोड, भोसरी, पुणे) ऐसा मृत दंपति का नाम है।
भोसरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियांका मूल अमरावती और नीलेश मूल इंदौर का रहवासी है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी एक सात साल की बच्ची है। नीलेश चाकण की एक कंपनी में नौकरी करता था। जबकि प्रियंका गत माहभर से भोसरी की एक कंपनी में डेटा एंट्री का काम कर रही थी। सोमवार को नौकरी पर जाने से पहले उन्होंने अपनी बेटी को अपने दोस्त के पास छोड़ा था। रात नौ बजे भी दोनों में से कोई भी फोन नहीं उठा रहा था तो उनकी बेटी दोस्त के घर और ही सो गई।
आज सुबह नीलेश का दोस्त उसके घर आया, काफी देर तक दरवाजा खटखटाया मगर भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। भोसरी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोलकर देखा तो प्रियंका नीचे गिरी हुई और नीलेश फांसी से झूलता पाया गया। आर्थिक परेशानियों के चलते नीलेश ने पहले प्रियंका का गला दबाकर उसकी हत्या की फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि प्रियंका बार बार उससे पैसे मांगती थी जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।