शादी के माहभर बाद ही तलाक मांगने पर पति ने किया पत्नी पर जानलेवा हमला

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – शादी से पहले के प्रेम प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद शादी के माहभर बाद ही पत्नी ने तलाक मांग लिया। इससे चिढ़कर पति ने लॉज पर बुलाकर पत्नी पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। शनिवार को दोपहर साढ़े 12 बजे पिंपरी चिंचवड़ के दिघी इलाके में यह वारदात हुई। इसमें स्नेहा विशाल डोंगरे (26, निवासी मोशी, पुणे) गंभीर रूप से घायल हो गई। दिघी पुलिस ने इस मामले में विशाल अंकुश डोंगरे (30, निवासी भोसरी, पुणे) को गिरफ्तार कर लिया है।
दिघी पुलिस के मुताबिक, स्नेहा और विशाल माहभर पूर्व ही विवाहबद्ध हुए हैं। शादी से पहले विशाल का किसी के साथ अफेयर था, जिसके बारे में पता चलते ही स्नेहा उससे अलग रहने लगी। यही नहीं उसने विशाल से तलाक भी मांगा। इसी बात पर दोनों के बीच अनबन शुरू थी। विशाल ने तलाक के बारे में बातचीत के लिए स्नेहा को शनिवार की सुबह दिघी मैगजीन चौक स्थित एक लॉज पर बुलाया। यहां दोनों के बीच विशाल के अफेयर के बारे में चर्चा शुरू हुई,।जो विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर विशाल ने तेजधार चाकू निकाल कर स्नेहा के पेट, हाथ पर वार किए। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई, उसे तत्काल दिघी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसका बयान दर्ज करने के बाद विशाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।