जापान में तूफान हैजीबिस का कहर, मृतकों की संख्या बढ़कर 9 (लीड-1)

टोक्यो (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – जापान में प्रलयकारी तूफान हैजीबिस के कहर के चलते रविवार तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 100 लोग घायल हो चुके हैं। यहां कई नदियां उफनकर आवासीय क्षेत्रों में बह रही हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने क्योडो न्यूज के हवाले से बताया कि बचावकर्मियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस बीच 14 लोगों के लापता होने की खबर है।

पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों के अनुसार, ओप्पे नदी किनारे तोड़कर कावागोए शहर में शिमो-ओसाका जिला में बाढ़ ले आई है।

प्रशासन ने कहा कि टोक्यो के उत्तर में साईतामा प्रांत में बाढ़ के कारण लगभग 260 लोग एक नर्सिग होम में फंसे हुए हैं, जहां वे वरिष्ठ लोगों और स्टाफ कर्मियों को बचाने के लिए नावों का प्रयोग कर रहे हैं।

आठ प्रांतों में लगभग 14,000 घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई है।

रविवार सुबह पांच बजे तक मियागी प्रांत के मारूमोरी में 4,540 घरों में जलापूर्ति नहीं हुई थी।

इस बीच, इबाराकी प्रांत के सुकुबामिराई में 4,200 घरों, गुनमा प्रांत के कानरा में 1,200 घरों और कानागावा प्रांत के यामाकिता में जलापूर्ति बाधित हो गई थी।

प्रलयकारी तूफान के कहर के कारण अधिकतर भागों में मूसलाधार बारिश और चक्रवाती हवाएं कहर बरपा रही हैं। माना जा रहा है कि देश में पिछले 60 सालों में यह सबसे विनाशकारी तूफान है।

हैजिबिस यहां टोक्यो के दक्षिण-पश्चिम में इजु प्रायद्वीप पर शनिवार शाम सात बजे से कुछ देर पहले आया।