गणेशोत्सव में भी याद आया हितेश मूलचंदानी

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  मामूली विवाद में आपराधिक वारदात का शिकार बने हितेश गोवर्धनदास मूलचंदानी (24, निवासी बी ब्लॉक, पिंपरी कैम्प, पुणे) को गुजरे डेढ़ माह बीत चुका है। मगर उसकी यादें आज भी उसके परिजनों, दोस्तों और रिश्तेदारों में जीवित हैं। गणेशोत्सव में उन्हें हितेश की कमी खली। उत्सव के साथ ही विसर्जन रैली में हितेश के फ्लेक्स झलकते रहे। इन फ्लेक्स बोर्डो में ‘मिस यू’ का संदेश देकर हितेश को याद किया गया। गत दिन पिंपरी कैम्प में ओम साईं मित्र मंडल की विसर्जन रैली में शामिल एक ट्रैक्टर पर लगे इस फ्लेक्स ने न केवल पिंपरी कैम्पवासियों में हितेश की यादें ताजा कर दी बल्कि उसके साथ हुई उस भयानक वारदात का भी स्मरण दिलाया।

क्या हुआ था हितेश के साथ

पिंपरी रेलवे स्टेशन के पास कुणाल होटल के सामने पेशाब करने से मना करने पर होटल मालिक साहिल ललवानी और कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। होटल के कर्मचारियों ने भी उन पर हमला कर एक को पकड़ लिया। हड़बड़ाकर बाकी लोग भाग निकले। इस घटना की जानकारी मिलते ही होटल मालिक का चचेरा भाई लखन सुखेजा अपने दोस्त हितेश मूलचंदानी के साथ यहां पहुंचा। हितेश ने एक और आरोपी को पकड़ लिया और लखन होटल के कर्मचारियों को बुलाने गया। इस दौरान उनके भागे हुए साथी वापस आये और उन्होंने हितेश को मारपीट कर उसे जबरन जीप में बिठाकर उसे अगवा कर लिया। गाड़ी में छीनाझपटी के दौरान शहबाज ने चाकू से हितेश का गला काट दिया। हितेश के बदले में अमीन को छुड़ाने का प्लान फंसने के बाद पिंपरी चिंचवड़ मनपा मुख्यालय के पीछे सुनसान रोड पर ले जाकर उसकी लाश को फेंक दिया।

पिंपरी कैम्प में था आक्रोश

24 जुलाई को हुई इस वारदात से पिंपरी कैम्प के व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त था। हितेश का मृतदेह पिंपरी चौकी ले जाया गया। उसके हत्यारों को फांसी देने की मांग की गई। इसके अलावा पिंपरी कैम्प बंद रखा गया, हितेश को इंसाफ दिलाने की मांग के लिए कैंडल मार्च निकाले गए। गौरतलब हो कि, इस मामले के मुख्य आरोपी शाहबाज सिराज कुरेशी निवासी कासारवाडी, पुणे, अक्षय संजय भोसले उर्फ लिंगा (25) निवासी शितोलेनगर, सांगवी, पुणे और योगेश विट्ठल टोनपे उर्फ लंगड़ा (20) निवासी जगताप चाल, पिंपले गुरव, पुणे, अमीन फिरोज खान निवासी मोमिनपुरा, गंजपेठ, पुणे, अरबाज मुन्ना शेख (20, निवासी खड़की, पुणे) नामक आरोपियों को पिंपरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ ही एक नाबालिग उम्र के लड़के को भी हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ होटल मालिक रोहित किशोर सुखेजा (26) निवासी एचबी ब्लॉक, शनि मंदिर के पास, पिंपरी ने शिकायत दर्ज कराई है।