दुबई की अमीरात एयरलाइंस में नहीं मिलेगा ‘हिंदू खाना’

नई दिल्ली। समाचार ऑनलाइन

दुबई की अमीरात एयरलाइंस की फ्लाइट में सफर करने वाले यात्रियों को अब ‘हिंदू खाना’ नहीं मिलेगा। कंपनी ने अपने मेनू से अब इसे हटाने का फैसला किया है। बुधवार को कंपनी ने कहा, ‘हमारे द्वारा लगातार किए जाने वाले रिव्यू के आधार पर जो उत्पाद और सेवाएं ग्राहकों को उपलब्ध हैं उसके आधार पर हमने यह फैसला किया है कि हम ‘हिंदू खाना’ के विकल्प को खत्म करेंगे। एयरलाइन ने आगे कहा कि, ग्राहकों के फीडबैक को देखते हुए हम लगातार कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए विकल्पों पर विचार करते हैं। ये हमें अपनी सेवाओं को बेहतर करने में मदद करता है।’

क्या है ‘हिंदू खाना’

हिंदू खाना कई एयरलाइंस द्वारा दिया जाने वाला विकल्प है जिसके माध्यम से यात्री अपने धार्मिक भोजन के अनुसार पहले से ही विकल्प चुन सकते हैं। एयरलाइन कंपनियां शाकाहारी यात्रियों को भारतीय शाकाहारी भोजन प्रदान करती है, जिसमें भारतीय उपमहाद्वीप के खानों का स्वाद होता है। इसके अतिरिक्त यह जैन समुदाय के लिए शाकाहारी जैन भोजन प्रदान करती है।

हिन्दू यात्री चुन सकते हैं अपना खाना

हांलाकि कंपनी ने यह भी कहा कि हिंदू यात्री ‘वेजिटेरियन’ और ‘नॉन-वेजिटेरियन’ विकल्पों में से अपना खाना चुन सकते हैं। हम उन्हें बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान करेंगे। वेजिटेरियन लोग वेजिटेरियन जैन मील, इंडियन वेजिटेरियन मील, विकल्पों में से चुन सकते हैं।