बाढ़ग्रस्तों का हाल जानने पहुंची सरकार व प्रशासन

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  बुधवार की रात मूसलाधार बारिश द्वारा तबाही मचाने के बाद शुक्रवार को केंद्र, राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का मुआयना किया और पीड़ित लोगों का हाल जाना। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले, पुणे जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल, जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने आज बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया औऱ पीड़ित लोगों को सरकार से हर संभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिलाया। बहरहाल पालकमंत्री पाटिल को बाढ़ग्रस्त लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
बुधवार की रात बादल फटने से हुई अतिवृष्टि से पुणे शहर व जिले में बाढ़ की आफत आयी। इसमें हजारों घर तबाह हो गए, कई लोगों की जान गई। चारों तरफ बस त्राहि त्राहि मची रही। बाढ़ग्रस्तों का हाल जानने केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले आज पुणे दौरे पर थे। बाढ़ग्रस्त इलाकों का मुआयना करने और लोगों को सांत्वना देने के बाद उन्होंने बाढ़ग्रस्तों को भरोसा दिलाया कि उन्हें तत्काल मदद और उनके पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व व पुनर्वास मंत्री चंद्रकांत पाटिल से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से फोन पर संपर्क भी साधा।
लोगों को जल्द से जल्द नुकसान भरपाई मिले इसके लिए बाढ़ग्रस्त इलाकों का पंचनामा जल्द से जल्द करने के आदेश आठवले ने प्रशासन को दिए। बाढ़ग्रस्तों के पुनर्वास के लिए कार्पोरेट क्षेत्र के लोगों से आगे आने की अपील भी उन्होंने की। इसके साथ ही कुदरती आपदा के दौर में सियासत न करते हुए लोगों की मदद के लिए सभी को आगे आना चाहिए, यह भी उन्होंने कहा। उनके साथ पुणे के उपमहापौर डॉ. सिद्धार्थ धेंडे, एम.डी. शेवाले, परशुराम वाडेकर, सूर्यकांत वाघमारे, चंद्रकांता सोनकांबले, शशिकला वाघमारे, संगिता आठवले, संघमित्रा गायकवाड, बालासाहेब जानराव, आयुब शेख, शैलेश चव्हाण, अशोक शिरोले अशोक कांबले, गणेश गायकवाड, लक्ष्मण भालेराव, कमलजीत मस्के आदि मौजूद थे। इससे पहले लोनावला में आरपीआई के वरिष्ठ नेता बालासाहेब भागवत, पिंपरी चिंचवड़ शहराध्यक्ष सुरेश निकालजे आदि ने केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले का स्वागत किया।
आठवले से पहले पुणे जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी पुणे के बाढ़ग्रस्त इलाकों का मुआयना किया। टांगेवाला कालोनी में रास्ता रोको आंदोलन कर रहे आक्रोशित बाढ़ग्रस्त लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। इसके बाद पाटिल ने दूसरे इलाकों का मुआयना किया और बाढ़ के चलते हुए हादसों में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। सांगली, कोल्हापुर की भांति यहां भी बाढ़ग्रस्त लोगों को मदद उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गई है क्योंकि फिलहाल राज्य में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू है। उनसे सकारात्मक प्रतिसाद मिलने के बाद लोगों को तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी, यह भी उन्होंने कहा। यहां जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने अतिवृष्टि से बाधित खेड- शिवापूर, सुखसागर नगर, इंदिरा नगर, बिबवेवाडी, ट्रेजर पार्क, टांगेवाले कालोनी, मित्रमंडल चौक, दत्तवाडी आदि इलाकों का दौरा किया और बाढ़ग्रस्त लोगों से मुलाकात की। अभयसिंह कोंडे, सागर धोंडे, संतोष कोंडे, भाऊसाहेब शिंदे के अलावा अन्य ग्रामीण उनके साथ उपस्थित थे।