10 महीने में 11500 रुपए कम हुआ सोना, जल्द छलांग के भी कयास 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : भारतीय बाजार में लगातार सातवे दिन गुरुवार को सोने के दाम  में गिरावट दर्ज की गई।  एमसीएक्स (MCX) पर सोना वायदा 0.4% गिरकर 44,768 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोना पिछले 10 महीने में करीब 11500 रुपये तक सस्ता हो चुका है।

बता दें कि अगस्त 2020 में सोना 56,200 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। घरेलू बाजार में सोने की जोरदार मांग बनी हुई है।  जानकारों की मानें तो सोने के भाव में तेजी से गिरावट डॉलर में मजबूती है।  अगले 3-4 महीने में सोने का दाम रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ सकता है और यह 1960 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।  अभी सोने में गिरावट इसलिए देखी जा रही है, क्योंकि सरकार ने बजट में सीमा शुल्क को लेकर खास ऐलान किया था। इसका भी सोने के मूल्य पर असर देखा जा रहा है।

जानकारों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और वैश्विक बांड की यील्ड में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा डॉलर मजबूत हुआ है। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ा है। इस हफ्ते कारोबारियों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व और ओपेक की बैठक पर है। कल शुक्रवार को नॉन फॉर्म पे रोल के आंकड़े आएंगे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को गोल्ड के भाव 44,768 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। जो 10 महीनों का सबसे निचला स्तर है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के दाम 9 महीने के निचले स्तर पर हैं। हाजिर सोना 1,711 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी वायदा 0.8% फिसलकर 68,989 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।  दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 68,989 प्रति किलोग्राम रही। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 0.4% बढ़कर 26.18 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।