पुणे में साढ़े 6 लाख का गांजा व चरस बरामद

पिंपरी में भी करीबन 5 किलो गांजा जब्त
पुणे/पिंपरी। पुणे पुलिस के नशीले पदार्थ विरोधी दस्ते ने कोंढवा के भाग्योदय नगर से एक महिला के पास से साढ़े छह लाख रुपए का गांजा व चरस बरामद किया है। वहीं पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने भी पिंपरी के भाटनगर इलाके से दो महिलाओं को हिरासत में लेकर उनके पास से करीबन पांच किलो गांजा जब्त किया है। पुणे पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार की गई महिला का नाम समिना मेहमुद शेख (35, निवासी  भाग्योदयनगर, कोंढवा खुर्द, पुणे) है।
पुणे पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, समीना ने अपने घर लर गांजा और चरस का स्टॉक रखा है, ऐसा नशीले पदार्थ विरोधी दस्ते को मुखबिर से पता चला। इसके अनुसार पुलिस ने शनिवार की रात उसके घर पर छापा मारा। पुलिस टीम को उसके घर से 21 किलो 260 ग्राम गांजा और 569 ग्राम 17 मिली ग्राम चरस मिला। बरामद गांजा के स्टॉक की कीमत सवा चार लाख 200 रुपए है जबकि चरस का मूल्य दो लाख 27 हजार 668 रुपये बताया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने समीना को गिरफ्तार कर उसके पास से कुल छह लाख 57 हजार 868 रुपये का गांजा व चरस बरामद किया है।
यहां पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के पिंपरी विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त के स्क्वाड को पिंपरी के भाटनगर इलाके की इमारत के एक घर से गांजा बिक्री शुरु रहने की जानकारी मिली थी। इसके अनुसार पुलिस टीम ने यहां छापा मारा। यहां से पुलिस ने 75 हजार 350 रुपये का 4 किलो 913 ग्राम गांजा का स्टॉक बरामद किया। शुक्रवार की दोपहर की गई इस कार्रवाई में दो महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस बारे में पुलिस उपनिरीक्षक सुब्राव भीमराव गवारे ने पिंपरी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूछताछ में पता चला है कि ये महिलाएं रेखा पोपटसिंग तामचीकर के कहने पर गांजा बिक्री करती थी। बहरहाल पिंपरी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।