दिल्ली से बिहार आई लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म

मोतिहारी : (आईएएनएस) समाचार ऑनलाईन – बिहार के पूर्वी चंपारण में अपने कथित प्रेमी के बुलावे पर दिल्ली से आई एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दावा किया कि मामले की छानबीन जारी है। पीड़िता के बयानों में फर्क है। पहले उसने कहा वह प्रेमी के बुलाने पर दिल्ली से बिहार आई और बाद में उसने कहा कि सभी आरोपी उसके सिर्फ फेसबुक फ्रेंड हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने 16 साल की लड़की को आधी बेहोशी की हालत में सड़क से बरामद किया। लड़की को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छतौनी के थाना प्रभारी मुकेश चंद्र कुंवर ने आईएएनएस से गुरुवार को कहा कि लड़की बार-बार अपना बयान बदल रही है। लड़की ने खुद को दिल्ली के अलकापुरी की रहने वाली बताया और कहा कि उसे दिल्ली से यहां बुलाया गया। बाद में उसने कहा कि वह छपरा की रहने वाली है। उसे बुलाने वाला वापस दिल्ली चला गया। लड़की ने कहा कि उसे मठिया मुहल्ले के एक घर में रखा गया था।

उन्होंने कहा, “लड़की ने पहले कहा कि बुधवार रात दो से तीन युवक उस मकान में पहुंचे। तीनों ने खुद शराब पी और उसे भी जबरन बीयर पिलाई।”

कुंवर ने कहा, “युवती को नशा आने लगा तो उसके साथ कथित तौर पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इसके बाद लड़की को सड़क के किनारे छोड़कर सभी युवक फरार हो गए।”

थाना प्रभारी ने कहा, “लड़की ने वारदात के संदर्भ में, जिस मकान का जिक्र किया, वहां छापा मारा गया। यह मकान संजय कुमार नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। आरोपी फरार है। कमरे से युवती के फटे कपड़े और अन्य सामान मिले हैं।”

उन्होंने बताया कि पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उससे मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई जारी है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।