उग्र हुआ आंदोलन…जान बचा रही पुलिस, ट्रैक्टर रौंदने बढ़ रहे आगे   

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम  : कृषि कानूनों के खिलाफ शुरू हुआ किसानों का आंदोलन आखिरकार ट्रैक्टर परेड के दौरान काफी उग्र हो गया।  पुलिस के साथ कई बार झड़प हुई। लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले के इस्तेमाल के इतर इस दौरान एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई, जिसने सबको डरा दिया।  एक वीडियो में  देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस की ओर एक प्रदर्शनकारी तेज गति में ट्रैक्टर चलाकर आता है, मानो वो पुलिसवालों पर ही चढ़ा देना चाहता हो। प्रदर्शनकारी की इस हरकत को देख पुलिस वाले जान बचा भागते नजर आते हैं। पूरे सड़क पर वह प्रदर्शनकारी किसान उत्पात मचाता दिख रहा है। वीडियो में प्रदर्शनकारियों और पुलिस की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी जा सकती है।

अक्षरधाम के पास  उत्तेजित किसानों ने ट्रैक्टर पलटने की कोशिश की और रोके जाने पर पुलिसकर्मियों को डंडे लेकर खदेड़ने लगे। हालात बेकाबू होता देख पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। उधर, गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले लगभग सभी मार्गों को बंद कर दिया गया है।  दिल्ली की सीमा में दाखिल होते ही किसानों ने खड़े ट्रकों पर डंडे बरसाए। शीशे फोड़ डाले।  आईटीओ के पास माहौल बेहद तनावपूर्ण हैं।  बैरिकेडिंग की वजह से यहां पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी किसानों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तब पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। आईटीओ एक तरह से संग्राम का स्थल बन चुका है। यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच एक तरह से जंग छिड़ी हुई है। बसों में भी तोड़फोड़ की गई है। इंद्रप्रस्थ समेत कई मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी युवा पुलिस वालों को खदेड़ते दिखते हैं। कई के हाथों में तलवार भी देखा गया है।