अस्पताल में दोस्ती, लॉज में दुष्कर्म…शादी का झांसा देकर कई बार यौन-शोषण  

ऑनलाइन टीम. भोपाल : अस्पताल में अपने-अपने मरीजों की देखभाल करने पहुंचे युवक-युवती इतने करीब आ गए कि दोनों के बीच की सारी दूरियां मिट गईं। मामला भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने एक किशोरी की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि 16 वर्षीय किशोरी जहांगीराबाद स्थित बरखेडी में परिवार के साथ रहती है। फरवरी माह में उसकी बहन इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती हुई थी।  बहन की देखरेख के लिए वह अस्पताल में रूकती थी। इसी बीच, उसका परिचय जावेद नाम के युवक से हुआ था। जावेद भी अपने किसी परिजन की देखरेख के लिए अस्पताल में रूका था। उस दौरान दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई।

इसके बाद दोनों के बीच प्रेम- प्रसंग आगे बढ़ गया। दोनों के बीच फोन पर भी लंबी बात होने लगी। कथिततौर पर 25 फरवरी को जावेद शहर में घूमने के बहाने से उसे अपने साथ ले गया। उसके मन में पहले से बात कुछ और थी। योजना के अनुसार, जावेद उसे घोडानक्कास क्षेत्र में पहले से बुक कर रखे कमरे में ले गया। वहां प्यार भरी बातों में उलझाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान किशोरी ने विरोध किया तो उसने पहले धमकी दी और बाद में शादी करने का भरोसा दिलाया। बहकावे में आकर युवती ने अपने आपको उसके हवाले कर दिया। वहां से लौटने के बाद किशोरी ने घटना के बारे में परिवार वालों को कुछ भी नहीं बताया।

इस बात का फायदा उठाते हुए  जावेद ने किशोरी के साथ दो बार और ज्यादती की। युवती इसलिए उसकी बात मानती रही, क्योंकि उसे लगा जावेद उसके साथ शादी करेगा, लेकिन पिछले दिनों जावेद ने किशोरी से दूरी बनाना शुरू कर दी। साथ ही अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। काफी कोशिश के बाद भी जब किशोरी का जावेद से संपर्क नहीं हुआ तो उसने घटना के बारे में अपने भाई को बताया। साथ ही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित जावेद स्टेशन बजरिया का रहने वाला है। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।