Instagram पर हुई ‘दोस्ती’, जन्मदिन मनाने के लिए बुलाकर 16 वर्षीय लड़की का गैंगरेप, मुंबई की घटना

मुंबई: ऑनलाइन टीम- दोस्त का जन्मदिन मनाने गई 16 साल की लड़की के साथ मुंबई में उसके सात दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना मुंबई में हुई। सोमवार रात यानी 31 मई को मुंबई के मालवणी इलाके में यह घटना हुई है। इस घटना से इलाके में कोहराम मच गया और उसके परिवार को बहुत बड़ा सदमा लगा है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और सातवें आरोपी की तलाश कर रही है।

पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में से एक उसका इंस्टाग्राम दोस्त था। बाकी उसके दोस्त के दोस्त थे। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 23 साल के बीच है।

मालवणी पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के इंस्टाग्राम पर कई दोस्त थे। उनमें से मालवणी में रहने वाले एक दोस्त का जन्मदिन था। उसने पीड़िता को बर्थडे पार्टी में बुलाया था। लड़की अपने माता-पिता से छिपकर पार्टी में गई थी। घर से बाहर निकलते समय उसने दरवाजा बाहर से बंद कर लिया था। जब लड़की रात में घर नहीं लौटी तो परिजनों ने मालवणी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अगले दिन पीड़िता घर आई। उसने अपनी मां को बताया कि उस समय उसके पेट में दर्द हो रहा है। जब उसके परिवार ने पूछा कि उसे पेट में दर्द क्यों है, तो उसने सीधा जवाब नहीं दिया। उसके बाद जब पुलिस ने घर आकर उससे पूछताछ की तो उसने पुलिस को सारी बात बताई। युवती ने बताया कि उसके दोस्तों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने कहा कि उसके साथ एक बार नहीं बल्कि दो बार रेप किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।