फ्रेंडशिप एप दोस्त ने ले ली जान…

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अरिहंत आर्डन सोसाइटी में हुई एक विवाहित महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम राघव बताया जा रहा है। इस सनसनीखेज मामले की पृष्ठभूमि ही फिल्मी अंदाज में रची गई थी। दरअसल, राघव और महिला की दोस्ती लाइक ऐप पर हुई थी। महिला को ब्लैकमेल कर उसका ऐप प्रेमी उससे रकम वसूलता था।

गुरुवार को बिसरख थाना क्षेत्र की अरिहंत आर्डन सोसाइटी स्थित एक बंद फ्लैट में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया किसी करीबी द्वारा हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की थी। महिला का पति एनटीपीसी में डीजीएम के पद पर कार्यरत है।  मृतका की पहचान नीरजा चौहान के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले को संजीदगी से देख रही है, क्योंकि ऑनलाइन दोस्ती में इस तरह के कई वाकये लगातार होते जा रहे हैं।