चार साल की मासूम से यौनाचार

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन – जान-पहचान वाले एक व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर एक चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने की वारदात सामने आने से पिंपरी चिंचवड़ शहर में खलबली मच गई है। पिंपरी पुलिस ने हेमंत कृष्णा तांडेल (35, निवासी पिंपरी) नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ बच्ची की मां ने पिंपरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बीते माहभर में मासूम बच्चियों के साथ दुराचार की यह पांचवी वारदात सामने आने से शहर के अभिभावकों में घबराहट का माहौल है।
पिंपरी पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमंत बच्ची के माता-पिता के जान-पहचान वाला है और बच्ची भी उसे पहचानती है। इसी पहचान का फायदा उठाकर वह एक अगस्त की दोपहर 12 बजे के करीब बच्ची के घर गया और उसे अकेला देखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची की माँ को इसका पता चला तो उसने पिंपरी पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अनुसार पुलिस ने हेमंत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपनिरीक्षक उत्कर्षा देशमुख मामले की जांच में जुटी है।