शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड के पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड का कोरोना से निधन

मुंबई : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड का कोरोना से निधन हो गया। उन्हे कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमण हुआ था। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड उनकी पुत्री है।

कुछ दिनों से सक्रिय राजनीति से एकनाथ गायकवाड थोड़ा दूर रहने लगे थे। गायकवाड को कोरोना संक्रमण होने के बाद उन्हे ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज इलाज के दौरान उन्होने अंतिम सांस ली।

2019 में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। उस समय कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा ने कांग्रेस के मुंबई अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। उनकी जगह पर पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड को मुंबई अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। एकनाथ गायकवाड 81 वर्ष के थे।