पूर्व नगरसेवक की मां की डोम्बिवली में हत्या, 84 साल के बुजुर्ग पति ने दिया घटना को अंजाम  

मुंबई : ऑनलाइन टीम – डोंबिवली के गोळवली इलाके में एक 84 साल के बुजुर्ग ने 80 साल की पत्नी की हत्या कर दी। मृतक का नाम पार्वती पाटील है। वहीं आरोपी पति का नाम  बळीराम पाटील है। दोनों कल्याण-डोंबिवली महापालिका के पूर्व नगरसेवक रमाकांत पाटील के माता-पिता है। जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह हत्या घरेलु विवाद के कारण की गयी। फ़िलहाल आरोपी बळीराम को मानपाडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का पता सुबह करीब 8 बजे चला। पार्वती खून से लथपथ अपने कमरे में मृत पाई गई। उनके कपड़े जला दिए गए। उस समय उनके पति बलिराम घर पर नहीं थे। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी कारण से शनिवार आधी रात या रविवार की सुबह दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। जिसके बाद पति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे पार्वती की मौत हो गयी।

घटना के बाद कल्याण परिमंडळ 3 के पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे और डोंबिवली के सहायक पुलिस आयुक्त जयराम मोरे ने घटनास्थल का दौरा किया। मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, पार्वती की नाक, आंख और सिर के पिछले हिस्से पर दाईं तरफ एक धारदार चीज से वार किया गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि हत्या के सबूत को नष्ट करने के इरादे से उनके शरीर और कपड़ों को जलाने की कोशिश की गई थी। पूर्व नगरसेवक रमाकांत पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई है।