सेवा विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन अमर मूलचंदानी पुलिस कस्टडी में

पिंपरी। करीबन ढाई सौ करोड़ रुपए के घोटाले, धोखाधड़ी और विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज रहे सेवा विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन और भाजपा के वरिष्ठ नेता एड अमर मूलचंदानी को पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिंपरी, हिंजवड़ी, चिंचवड़ आदि पुलिस थानों में मामला दर्ज होने के बाद चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के बाद से मूलचंदानी नदारद थे। रविवार की रात उन्हें मुंबई से हिरासत में लिया गया। हालांकि हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की शिकायत के चलते उन्हें पुणे के ससून हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद मंगलवार को उन्हें पिंपरी की अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें 12 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया गया।
कर्जदारों के साथ फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी करने को लेकर हिंजवड़ी और पिंपरी पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज होने के बाद पिंपरी चिंचवड़ की अग्रणी और पिंपरी कैंप की आर्थिक नींव कहे जानेवाले सेवा विकास बैंक के चेयरमैन एड अमर मूलचंदानी समेत चार निदेशकों ने अपने- अपने पदों से इस्तीफे दिए हैं। इसके बाद मूलचंदानी के खिलाफ चिंचवड़ पुलिस ने बैंक की चिंचवड़ शाखा से डेटा चुराने और धोखाधड़ी के मामले के सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। इस्तीफा देने के बाद से वे नदारद थे। हालांकि बीती रात मुंबई से उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस बारे में पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश से पूछने पर उन्होंने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि, 420 और अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामलों की पूछताछ के लिए अमर मूलचंदानी को मुंबई से हिरासत में लिया गया। हालांकि उन्हें कल दिन भर हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की शिकायत के चलते अस्थायी तौर पर ‘एमसीआर’ में रखा गया है। तबियत स्थिर होने के बाद आज उन्हें पिंपरी अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 12 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया गया।
ज्ञात रहे कि, पिंपरी चिंचवड शहर का मुख्य बाजार हाट रहे पिंपरी कैंप परिसर के व्यापारियों और व्यवसायियों की बैंक कहे जाने वाले सेवा विकास बैंक शहर के अग्रणी बैंकों में शुमार है। साथ ही इसे पिंपरी कैंप की राजनीति का मुख्य केंद्रबिंदु माना जाता है। पिंपरी चिंचवड़ और पुणे में बैंक की कुल 25 शाखा हैं। सिंधी समाज के वर्चस्व वाले इस बैंक पर गत 10 सालों से एड अमर मूलचंदानी का वर्चस्व है। अभी उनके चेयरमैन पद और उनके नेतृत्व वाले निदेशक मंडल का कार्यकाल शेष है। कार्यकाल पूरा होने से पहले ही मूलचंदानी समेत चार निदेशकों ने अपने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बीते सालभर से बैंक लगातार विवादों में घिरते चला गया है। सहकारिता विभाग की ऑडिट रिपोर्ट में सैकड़ों करोड़ रुपए का कर्ज घोटाला सामने आने के बाद हालिया कर्जदारों के साथ फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी करने को लेकर पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। पहले हिंजवड़ी और फिर पिंपरी पुलिस थाने में ऐसा मामला दर्ज हुआ है। अब इस मामले में बैंक के भूतपूर्व चेयरमैन एड अमर मूलचंदानी को गिरफ्तार कर लिए जाने से समस्त पिंपरी चिंचवड़ में खलबली मच गई है।