भाजपा के पूर्व सांसद दिलीप गांधी का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस

अहमदनगर : ऑनलाइन टीम – भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद दिलीप गांधी का बुधवार तड़के निधन हो गया। वह महाराष्ट्र के अहमदनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके है। हालही में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। नई दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। दिलीप गांधी कुल 3 बार सांसद रहे। 1999, 2009 और 2014 में वे लोकसभा में पहुंचे थे। वहीं वे केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री भी रहे। गांधी 69 साल के थे।

दिलीप गांधी ने अपने भाजपा करियर की शुरुआत कॉलेज जीवन से की थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी अहमदनगर शहर अध्यक्ष भी बने। वह 1985 से 1999 तक अहमदनगर नगर निगम के उपाध्यक्ष थे। 1999 में वह अहमदनगर से लोकसभा के लिए चुने गए। 2009 में वह दूसरी बार सफल हुए। 2014 में वह तीसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने 2000 से 2004 तक ग्रामीण विकास समिति में काम किया था। उन्हें राजनीतिक कारणों से 2019 में भाजपा द्वारा लोकसभा टिकट से वंचित कर दिया गया था।

2014 में हुए लोकसभा चुनावों में मोदी लहर के बीच वे करीब दो लाख मतों के अंतर से चुनाव जीतने वाले सांसद बने थे। उनका जन्म 9 मार्च 1951 को महाराष्ट्र के दौंड में हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त की है।