बार का पता नहीं बताने पर एयरगन से नाबालिग पर फायरिंग: आरोपी गिरफ्तार

 पुणे : समाचार ऑनलाइन – दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए आए लड़कों ने प्यासा बार एंड रेस्टोरेंट का सही पता नहीं बताने पर एक नाबालिग लड़के पर एयरगन से फायर कर उसे जख्मी कर दिया। तीनों लड़कों ने उसे खड़की स्थित मरिआई गेट के पास छोड़कर फरार हो गए। शुक्रवार की रात 11 बजे से सुबह पांच बजे के बीच यह घटना घटी। जख्मी युवक ने घबराहट में पहले कुछ बताया नहीं, लेकिन पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह पूरा मामला सामने आया है।

इस मामले में 17 वर्षीय सनी चौधरी (नि.बिबवेवाड़ी) ने फरासखाना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। एयरगन से हुई फायरिंग में पीड़ित के पैर में गहरा जख्म हुआ है। इस मामले में फरासखाना पुलिस ने अंबादास अशोक होंडे (उम्र 28 वर्ष, नि. दापोड़ी, मूल-अहमदनगर) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल उसके अन्य दो साथियों की तलाश की जा रही है।

इस तरह घटी घटना
सनी चौधरी शुक्रवार की शाम एक होटल से खाना खाकर घर जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कार्पियों वहां पहुंची। स्कार्पियों में बैठे शख्स ने सनी से पूछा कि प्यासा बार कहा है? गाड़ी में सवार सभी खड़की के एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए आए हुए थे। इसके बाद उन्हें बार में जाना था। सनी ने शुरुआत में कहा कि उसे नहीं मालूम की प्यासा बार कहा है। जब लड़कों ने सनी को धमकाया तो वह होटल दिखाने के लिए तैयार हो गया। उसके बाद उसे गाड़ी में बिठा लिया गया। सभी प्यासा बार के पास पहुंचे। वहां सनी को लड़कों ने पैसे दिए और कहा कि बार से शराब खरीदकर ले आओ। वह बार से शराब लेकर आ गया। सनी को डेक्कन छोड़ने की बात कहकर उसे गाड़ी में बिठाकर रखा गया, लेकिन गाड़ी डेक्कन से आगे निकल गई। गाड़ी में बैठे लड़कों ने उसे कहा कि पहले तुमने बार क्यों नहीं दिखाया था। इसके बाद उसे पीटने लगे। उसके साथ गाली-गलौज भी की गई। सनी चिल्लाने लगा तो मुख्य आरोपी अंबादास अशोक होंडे ने एयरगन निकालकर उसके पैर के पास फायर कर दी। उसके बाद उसे मरीआई गेट के पास छोड़कर सभी निकल गए।

सीसीटीवी फुटेज से कहानी सामने आई
बदमाशों के जाने के बाद सनी पुलिस स्टेशन गया। पुलिस ने उससे घटना को लेकर पूछा तो उसने घरवालों को सही बात न पता चल जाए इसलिए पुलिस को दूसरी कहानी सुना दी, लेकिन पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसे गाड़ी में बैठते और घूमते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछा तो उसने सारी कहानी बता दी।

अंबादास अशोक होंडे अहमदनगर के सोनई पुलिस का रिकॉर्ड अपराधी है। वह दापोड़ी में अपनी एक रिश्तेदार महिला के साथ रहता है। वह दापोड़ी में अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पीने के लिए आया था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच पुलिस सब इंस्पेक्टर यश सूर्यवंशी कर रहे हैं।