पुणे के डुक्कर खिंड क्षेत्र में दिनदहाड़े बिल्डर पर फायरिंग, मचा हड़कंप; पुलिस घटनास्थल पर पहुंची

पुणे, 5 जून : पुणे के डुक्कर खिंड क्षेत्र में एक फेमस बिल्डर पर हमलावरों दवारा फायरिंग करने की घटना घटी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। 4 से 5 फायरिंग किये जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ देर पहले ही यह घटना घटी है।

बिल्डर रवींद्र सांगुदे (उम्र 41 ) पर फायरिंग की गई है। शुक्र है कि इस घटना में वे जख्मी भी नहीं हुए है। इस मामले को लेकर वारजे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज करने का काम जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रवींद्र सुबह साढ़े 9 बजे से 10 बजे के बीच डुक्कर खिंड परिसर में जा रहे थे। इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर आये चार हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। एक ने पिस्तौल से उन पर फायरिंग की। लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आगे जाकर उनकी दिशा में फायरिंग की गई।

हमलावरों के भागने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। तुरंत सीनियर पुलिस अधिकारी व वारजे मालवाड़ी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हमला किसने और क्यों किया इस बात का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच चल रही है। लेकिन इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है।