थाने में जब्त किए गए वाहनों में लगी आग

15 से ज्यादा वाहन जलकर खाक
पिंपरी। विभिन्न आपराधिक घटनाओं में जब्त किए गए वाहनों में अचानक लगी आग में 15 से ज्यादा वाहन जलकर खाक होने की घटना पिंपरी चिंचवड़ के पिंपरी पुलिस थाने के बगल के मैदान में घटी है। सोमवार की दोपहर सवा तीन बजे के करीब घटी इस घटना में 13 चारपहिया और दो रिक्शा भस्मसात हो गए हैं। दमकल विभाग के तीन वाहनों की मदद से दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर तत्काल आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है।
पुलिस के मुताबिक, पुणे-मुंबई हाइवे पर चिंचवड़ स्टेशन परिसर में पिंपरी पुलिस थाना है। यहां के खुले मैदान में विभिन्न आपराधिक मामलों और सड़क हादसों में जब्त किए गए सैकड़ों वाहन रखे गए हैं। इसमें कई दोपहिये, चारपहिया और तिपहिया वाहन शामिल है। आज दोपहर सवा तीन बजे के करीब यहां रखे वाहनों में अचानक से आग लग गई। चंद मिनटों में ही आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। तीन दमकल और जवानों की टीम ने मौके पर पहुंच कर चंद मिनटों में आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक 15 वाहन जलकर खाक हो गए। कुछ अन्य वाहन भी इस आग की चपेट में आये हैं।
आग पर तत्काल काबू पा लिए जाने से अन्य वाहन नुकसान ग्रस्त होने से बच गए। क्योंकि यहां जब्त किए सैकड़ों वाहन रखे गए हैं जिसमें से कई वाहन सालों से धूल फांक रहे हैं। अगर आग और बढ़ती तो हादसे की तीव्रता निश्चित ज्यादा होती। बहरहाल इस घटना में कोई हताहत की खबर नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग लगने की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। इस घटना के बाद पुलिस थानों के परिसरों में सालों से धूल खाती अवस्था में पड़े जब्त वाहनों का मुद्दा फिर गहरा गया है। पुलिस की ओर से कई बार वाहन मालिकों से अपने वाहन ले जाने की अपील की जाती है मगर वाहन मालिकों द्वारा इसे लगातार नजरअंदाज किया जाता है।