दो गुटों के बीच घमासान से तलेगांव में तनाव

पिंपरी : समाचार – आर्थिक लेनदेन और व्हाट्सएप पर वर्चस्व संबन्धी अपलोड किए गए पोस्ट से दो गुटों के बीच घमासान छिड़ने से तलेगांव स्टेशन परिसर में तनाव की स्थिति रही। सोमवार को दोपहर दो बजे के करीब हुई इस वारदात में योगेश गायकवाड़ नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका तलेगांव के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। इस घमासान के दौरान एक- दूसरे की कारों में पथराव भी किया गया। बहरहाल तलेगांव दाभाड़े पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। इस घटना को लेकर पांच लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का काम जारी रहा।

तलेगांव दाभाड़े थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमरनाथ वाघमोड़े के मुताबिक, कांब्रे कामशेत निवासी देवा गायकवाड और तलेगांव स्टेशन की हरनेश्वरवाडी निवासी सांडभोर के गुट आज दोपहर दो बजे शुभम कॉम्प्लेक्स के पास आपस में भिड़ गए। सांडभोर और गायकवाड़ के बीच आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद है। उसी में व्हाट्सएप ग्रुप पर वर्चस्व संबन्धी पोस्ट ने इस विवाद में आग में घी का काम।किया। सांडभोर ने गायकवाड़ को लेनदेन का विवाद मिटाने के लिए तलेगांव स्टेशन परिसर में बुलाया। यहां दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और दोनों व उनके साथी आपस में भिड़ गए।

इस घमासान के दौरान किये गए पथराव में दोनों गुटों की कारों को भी निशाना बनाया गया। इसी पथराव का शिकार बनने से योगेश गायकवाड़ घायल हुआ है, उसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। तनाव की स्थिति को देख इलाके में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज करने का काम चलता रहा।