सरकार गिराना भाजपा की संस्कृति नहीं है: चंद्रकांत पाटिल

पुणे। बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य जगह उपचुनावों में जीत के बाद क्या भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने के प्रयास शुरू करेगी? के जवाब में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पुणे में संवाददाताओं के साथ की गई बातचीत में स्पष्ट किया कि सरकार गिराना भाजपा की संस्कृति नहीं है।उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। यह दावा भी पाटिल ने एक सवाल के जवाब में किया।
शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस-कांग्रेस प्रणीत महाविकास आघाडी सरकार को इस महीने एक साल पूरा हो जाएगा। यह पूछे जाने पर कि बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य जगह उपचुनावों में जीत के बाद क्या भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने के प्रयास ‘शुरू’ करेगी, पाटिल ने कहा कि पार्टी सरकार को अपदस्थ करने वाला कोई काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा, हम विपक्ष में बैठने और अगले चार साल मुख्य विपक्षी दल के रूप में काम करने को तैयार हैं, लेकिन यह सरकार चार साल तक नहीं चल पाएगी। हम ऐसा कुछ नहीं करेंगे जो संविधान के विपरीत हो। इस सरकार को अपदस्थ करना हमारी संस्कृति नहीं है।
चंद्रकांत पाटिल ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि महाराष्ट्र में अगर अभी चुनाव हो जाए तो 1000 में से 900 लोग यही कहेंगे कि वे भाजपा को वोट देंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि महाराष्ट्र में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के चलते लोग राज्य सरकार की विदाई चाहते हैं। जलगांव जिले के परोला तहसील क्षेत्र में एक लड़की से बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। उत्तरप्रदेश के हाथरस में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन जिस तरह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस गए, उस तरह क्या वे यहां पीड़ित परिवार से मिलने आए?