बुजुर्ग महिला को फेसबुक फ्रेंड ने लगाई 4 करोड़ की चपत

पुणे। फेसबुक पर हुए दोस्ती एक बुजुर्ग महिला को काफी महंगी साबित हुई है। यह महिला पुणे की एक प्रतिष्ठित शख्सियत है और एक नामी गिरामी कंपनी में ऊंचे ओहदे पर कार्यरत है। फेसबुक पर एक अनजान व्यक्ति के साथ उसकी दोस्ती हुई और उसने आईफोन गिफ्ट करने के बहाने से पूरे तीन करोड़ 98 लाख रुपए की चपत लगा दी है। यह मामला सामने आने के बाद पुणे पुलिस भी भौंचक्की रह गई है। बहरहाल महिला की शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त बुजुर्ग महिला के फेसबुक एकाउंट पर एक अनजान व्यक्ति ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जिसे उसने स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। उस अनजान व्यक्ति ने खुद को ब्रिटेन का रहवासी बताया और महिला का विश्वास हासिल कर लिया। फिर उनके बीच मोबाइल नँबरों का आदान प्रदान हुआ और व्हाट्सएप से चैटिंग होने लगी। गत वर्ष सितंबर माह में महिला के जन्मदिन पर उसके अनजान दोस्त ने उसे आईफोन गिफ्ट भेजने की बात कही। उसका गिफ्ट दिल्ली के कस्टम डिपार्टमेंट में फंसा पड़े रहने की जानकारी देकर महिला को अपने अलग अलग बैंक एकाउंट में समय समय पर लाखों रुपए भरने को कहा। महिला ने उसके एकाउंट पर तीन करोड़ 98 लाख रुपए जमा किये। इसके बाद भी न उन्हें उनका गिफ्ट यानी आईफोन मिला न उनके पैसे। खुद को ठगा पाकर महिला ने अब पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।