EXIT POLL : महाराष्ट्र में फिर एक बार फडणवीस सरकार, NDA को 190 प्लस सीटें

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हुआ। चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे। महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 3,237 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार मुख्य लड़ाई बीजेपी-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच मानी जा रही है। वहीं, बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी, लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और अन्य छोटे दल भी इन चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की पूरी कोशिश करेंगे।

एग्जिट पोल के मुताबिक, महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस को दूसरी पारी मिलती दिख रही है। बीजेपी और शिवसेना गठबंधन को 200 प्लस सीटें मिल सकती है। बीजेपी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आ रही है, जिसको 109 से 124 सीटें मिल सकती हैं।

इंडिया टुडे-एक्सिस MY INDIA का एग्जिट पोल –
महाराष्ट्र में फिर एक बार फडणवीस सरकार बन सकती है। बीजेपी-शिवसेना को 166-194 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस-एनसीपी को 72 से 90 सीटें मिल सकती हैं। अकेले शिवसेना के खाते में 57 से 70 जा सकती हैं। जबकि बीजेपी को 109 से 124 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 32 से 40 सीटें मिल सकती है वहीं एनसीपी को 40 से 50 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा अन्य के खाते में 22 से 32 सीटें जा सकती हैं।

न्यूज़ 18 हिंदी के एग्जिट पोल –
न्यूज़ 18 हिंदी के एग्जिट पोल में एनडीए बहुमत के करीब दिख रही है। यहां बीजेपी के खाते में 141 सीटें दिख रही हैं तो वहीं शिवसेना को 102 सीटें मिलती दिख रही हैं। यानि की एनडीए को 243 सीटें। इस एग्जिट पोल में यूपीए 41 सीटों पर सिमटती दिख रही है।

एबीपी-सी वोटर एग्जिट पोल –
एबीपी-सी वोटर के सर्वे में महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बंपर जीत हासिल होने का अऩुमान है। सर्वे में भाजपा-शिवसेना को 204 सीटें जबकि कांग्रेस-एनसीपी को 69 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों को 15 सीटें मिल सकती हैं।

टाइम्स नाउ के सर्वे –
टाइम्स नाउ के सर्वे के मुताबिक एनडीए को 230 सीटें और कांग्रेस- एनसीपी को 48 सीटें मिलती दिख रही हैं।

रिपब्लिक+जन की बात के सर्वे में –
इसके मुताबिक, बीजेपी को 135-142 सीटें मिल रही है। शिवसेना को 81-88 सीटें, कांग्रेस को 24-20 सीटें, एनसीपी को 35-30 सीटें और अन्य के खाते में 12-8 सीटें जाती दिख रही हैं।

क्या होता है एग्जिट पोल –
एग्जिट पोल जारी करने के लिए पहले डेटा कलेक्ट किया जाता है। ये डेटा क्लेक्शन जिस दिन वोटिंग होती है उस दिन भी किया जाता है। आखिरी फेज की वोटिंग के दिन जब मतदाता वोट डालकर निकल रहा होता है तब उससे पूछा जाता है कि किसे वोट दिया। इस आधार पर किए गए सर्वेक्षण से जो नतीजे निकाले जाते हैं उसे ही एग्जिट पोल कहते हैं।

फडणवीस और खट्टर ने किया जीत का दावा –
मुंबई में बॉलीवुड के सितारों में मतदान को लेकर जबरदस्त जोश भी दिखा और जिम्मेदारी भी दिखी। दोपहर होते-होते वोट देने के लिए सितारों का बूथ पर पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। शाहरुख, आमिर, दीपिका, ऐश्वर्या समेत कई सितारों ने मतदान किया और लोगों से भी वोट देने की अपील की। वहीं सियासी दिग्गजों की बात करें तो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मतदान के बाद फिर से अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा किया।

Visit : punesamachar.com