स्थायी समिति में सत्तादल व विपक्ष के 8 नए सदस्यों की ‘एंट्री’

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – स्थायी समिति में नए 8 सदस्यों की बहुप्रतीक्षित नियुक्तियां बुधवार की सर्वसाधारण सभा में की गई। इसमें पिंपरी चिंचवड़ मनपा के सत्तादल भाजपा के कुल छह और राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो सदस्यों का समावेश है। भाजपा के प्रदेश स्तर से भेजे गए नामों पर स्थानीय ‘कारभारियों’ द्वारा नाराजगी जताए जाने से गत सप्ताह नियुक्तियों को टालने के लिए सर्वसाधारण सभा ही स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद आज संपन्न हुई सभा में भाजपा के शशिकांत कदम, अंबरनाथ कांबले, संतोष कांबले, अभिषेक बारणे, भीमाबाई फुगे, सुवर्णा बोरुडे और राष्ट्रवादी कांग्रेस की पौर्णिमा सोनवणे, सुलक्षणा धर शिलवन्त की बतौर स्थायी समिति सदस्य की नियुक्ति की घोषणा की गई।
मनपा की तिजोरी की चाबियां संभालने वाली स्थायी समिति में 16 सदस्यों में संख्याबल के हिसाब से सत्तादल के 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस के चार, शिवसेना और भाजपा समर्थित निर्दलीयों के मोर्चा के एक- एक सदस्य हैं। इनमें से सत्तादल भाजपा के छह और राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो सदस्यों का कार्यकाल 29 फरवरी को खत्म होने जा रहा है। इसमें मौजूदा सभापति विलास मडिगेरी, पूर्व सभापति ममता गायकवाड, सागर आंगोलकर, राजेंद्र गावडे, करुणा चिंचवडे, नम्रता लोंढे और राष्ट्रवादी काँग्रेस की गीता मंचरकर, प्रज्ञा खानोलकर शामिल हैं। गत सप्ताह 20 फरवरी की सर्वसाधारण सभा में रिक्त होने वाली आठ सीटों पर नए सदस्यों की नियुक्ति की जानी थी। मगर महिला अत्याचार की घटनाओं पर छिड़ी बहस के दौरान सत्तादल और विपक्ष के बीच विवाद छिड़ा एवं सभा स्थगित कर दी गई।
इसके बाद आज स्थगित सभा का कामकाज पूरा किया गया जिसमें स्थायी समिति सदस्यों की बहुप्रतीक्षित नियुक्तियों की घोषणा भी की गई। इस सभा में सत्तादल के नेता नामदेव ढाके ने भाजपा और विपक्षी दल के नेता नाना काटे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्यों के नामों की सूची महापौर उषा ढोरे को सौंपी। इसके अनुसार महापौर स्थायी समिति के नए आठ सदस्यों की नियुक्तियों की घोषणा की। समिति के नए सदस्यों में सत्तादल भाजपा के शशिकांत कदम, अंबरनाथ कांबले, संतोष कांबले, अभिषेक बारणे, भीमाबाई फुगे, सुवर्णा बोरुडे और राष्ट्रवादी कांग्रेस की पौर्णिमा सोनवणे, सुलक्षणा धर शिलवन्त का समावेश है। नियुक्ति की घोषणा के बाद नवनियुक्त सदस्यों का महापौर उषा ढोरे के हाथों सम्मान किया गया। इसके साथ ही नवनिर्वाचित सभागृह नेता नामदेव ढाके को इस सभा में सम्मानित किया गया। इसके अलावा मनपा में राज्य सरकार की प्रतिनियुक्ति पर नवनियुक्त सहायक आयुक्त प्रशांत जोशी बालासाहेब खांडेकर का भी सभागृह में स्वागत व सम्मान किया गया।