मुश्किल में एकता कपूर…आरोप-सेना के जवान की पत्नी के दिखाए आपत्तिजनक दृश्य

बेगूसराय. ऑनलाइन टीम : एकता कपूर अपनी वेब सीरीज ट्रिपल एक्स (XXX) सीजन 2 को लेकर मुश्किल में घिर गई हैं। बिहार के बेगूसराय कोर्ट ने  एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर को आठ फरवरी को कोर्ट में हाजिर होने का समन किया है।
बिहार के बेगूसराय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजीव कुमार ने बरौनी थाने के सिमरिया आदर्श गांव निवासी शंभू कुमार की याचिका पर सुनवाई की। शंभू कुमार सेना में रह चुके हैं। उनका आरोप है कि एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर द्वारा निर्मित वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 में भारतीय जवान और उनकी पत्नी के चरित्र को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया जो कि अपमानजनक और शर्मनाक है।

सीरीज में एक भारतीय सैनिक की पत्नी को उसकी गैर-मौजूदगी में दूसरे पुरुष से संबंध बनाते दिखाया गया। एकता कपूर ने माफी मांगते हुए कहा कि जानकारी में आते ही ये कंटेंट संबंधित सीरीज से हटा लिए गए थे। और कहा था कि एक चूक के चलते ये हुआ।

वैसे एकता कपूर की ट्रिपल एक्स सीरीज रिलीज होते ही जून 2020 में ही विवादों में आ गई थी। सीरीज को लेकर देश के कई जगहों पर गुस्सा देखा गया था। इस मामले में एकता कपूर और शोभा कपूर के खिलाफ शिकायत और एफआईआर तक दर्ज कराई गई थी। तब एकता कपूर ने अपनी इस वेब सीरीज के आपत्तिजनक दृश्यों के लिए भारतीय सेना से माफी भी मांगी थी।

एकता कपूर के खिलाफ इंदौर के बाशिंदों-वाल्मीक सकरगाये और नीरज याग्निक की शिकायत पर भारतीय दंड विधान की धारा 294 (अश्लीलता) और 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं भारत के राजकीय प्रतीक (अनुचित प्रयोग का निषेध) अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत भी इंदौरा के अन्नपूर्णा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप था कि एकता कपूर के बालाजी की वेब सीरीज ट्रिपल एक्स के सीजन-2 के जरिए समाज में अश्लीलता फैलाई गई। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं को आहत की गया इसके अलावा इंडियन आर्मी और इंडियन पुलिस की वर्दी को आपत्तिजनक तौर पर पेश करते हुए राष्ट्रीय प्रतीक चिन्हों का अपमान किया गया। इसी आधार पर स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।