अर्थव्यवस्था डूब रही, केंद्रीय मंत्री विधानसभा चुनाव में व्यस्त : आप

नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)| : आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अर्थव्यवस्था डुबोने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार के मंत्री विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं। भारद्वाज ने एक खबर के जवाब में यह ट्वीट किया। खबर के अनुसार, एक व्यक्ति ने रविवार को अपने दो बच्चों की हत्या कर खुद हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा, “आगे बहुत खतरनाक समय है, अर्थव्यवस्था डूबने के कारण पूरे परिवारों की हत्या के कई मामले सामने आ सकते हैं। लोगों की नौकरी जा रही है, व्यापार में मंदी है, निवेशक भाग रहे हैं। केंद्र सरकार के मंत्री राज्य विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को मतदान हुआ था और मतगणना 11 फरवरी को होगी।

दिल्ली में चुनाव के दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों ने भाजपा के लिए प्रचार किया था।