लैंगिक शोषण के आरोप के चलते मैनेजर ने की खुदकुशी

मुंबई: समाचार ऑनलाइन – ठाणे में एक प्राइवेट कंपनी के अधिकारी ने लैंगिक शोषण के आरोप के चलते 25वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम अभिषेक शर्मा है। अभिषेक कोलशेत इलाके की जिस बिल्डिंग में रहता था, उसी से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की एक महिला सहकर्मी ने उस पर लैंगिक शोषण का आरोप लगाया था। सोमवार को ही अभिषेक को जमानत मिली थी। घणसोली स्थित एक प्रसिद्ध कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत अभिषेक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए उक्त महिला को ज़िम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक की कंपनी में काम करने वाली महिला ने कंपनी बदलने के बाद कासारवडवली पुलिस स्टेशन में अभिषेक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी थी। महिला ने आरोप लगाया था अभिषेक उसे अश्लील मैसेज और ईमेल भेजा करता था। ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने इस मामले में जांच करते हुए 29 नवंबर को अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया था। सोमवार को ही अभिषेक को कोर्ट से जमानत मिली थी। जमानत मिलने के बाद अभिषेक घर आया और रात 9.30 बजे के करीब इमारत की 25वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी।