कोरोना के चलते पुलिस आयुक्तालय में लोगों को ‘नो एंट्री’

पिंपरी। महामारी कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय में नागरिकों के लिए ‘नो एंट्री’ की घोषणा की गई है। अगर किसी नागरिक को किसी बेहद जरूरी काम के लिए पुलिस आयुक्त से मिलना जरूरी है तो वे अपॉइंटमेंट लेकर और कोरोना संबन्धी सभी नियमों का पालन कर मिल सकते हैं। इसकी जानकारी पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने दी है।
महामारी का संक्रमण पिंपरी चिंचवड़ शहर में बड़ी तेजी से फैल रहा है। पुलिस आयुक्तालय भी इससे अछुता नहीं रहा है। आज की तारीख में करीबन 70 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी कोरोना से बाधित हैं। शहर में अलग पुलिस आयुक्तालय शुरू होने के बाद से नागरिकों की पुलिस से उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अपनी शिकायतों व समस्याओं के लिए आयुक्तालय में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
कोरोना के फैलाव के मद्देनजर आयुक्तालय में बेवजह होनेवाली भीड़ पर नियंत्रण रखने का फ़ैसला किया गया है। अगर कोई गंभीर शिकायत या समस्या है तो लिखित रूप से आयुक्तालय तक पहुंचाएं। पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने नागरिकों से अपील की है कि, कोरोना के संक्रमण काल में बेवजह पुलिस आयुक्तालय में न आएं। अगर किसी मामले में अगर आयुक्त से मिलना बेहद जरूरी हो तब ही अपॉइंटमेंट लेकर नियमों का पालन करते हुए मिला जा सकता है।
पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि, कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी पीड़ित नागरिक से पैसों की मांग करता है तो उसकी रिकॉर्डिंग निकालकर पुलिस आयुक्त को 9134424242 पर भेजें। अगर कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी इस तरह की शिकायतों में दोषी पाया गया तो उसे बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा, संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त द्वारा जारी किए गए नँबर पर नागरिक शहर के अवैध धंधों के बारे में भी शिकायत या जानकारी दे सकते हैं।