शराब के नशे में जीजा को उतारा मौत के घाट

पिंपरी। सँवाददाता – शराब के नशे में चूर होकर एक शख्स ने अपने ही जीजा पर तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। उस शख्स को अपने जीजा के अवैध संबन्ध में लिप्त होने का शक था, जिसको लेकर उसने सोमवार के तड़के घर के छत पर जीजा की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल को कॉल कर हत्या की जानकारी दी और अपने आप को सरेंडर कर दिया। मोहन लेवडे ऐसा मृत शख्स का नाम है और विष्णु झगड़े ऐसा गिरफ्तार आरोपी का नाम है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार, मोहन लेवडे की शादी कुछ साल पहले आरोपी विष्णु के बहन से हुई थी। दोनों के बीच हमेशा छोटी मोटी बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे। आरोपी विष्णु को अपने जीजा मोहन का दूसरी महिला के साथ अवैध संबध रहने का शक था। उसकी बहन ने उसे पति के हरकतों और झगड़ों के बारे में बताया था। इसके साथ ही पति का बाहर अवैध संबध रहने की जानकारी दी। इसके चलते आरोपी अपने जीजा को समझाने बहन के घर आया था। बीती रात दोनों जीजा-साला एक साथ शराब पीने बैठे थे। शराब के नशे में आरोपी अपने जीजा को समझाने लगा लेकिन बात बिगड़ गई और गुस्साए साले ने जीजा की तेज हथियार से हत्या कर दी। रात 2 बजे हत्या के बाद आरोपी शव के पास ही बैठ रहा और सुबह 4 बजे के करीब खुद पुलिस को कंट्रोल रूम में कॉल कर के घटना की जानकारी दी। इसके बाद भोसरी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया।