मौसम पर दोहरा असर… पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, समुद्र में चक्रवात   

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : देश के मौसम पर दोतरफा असर पड़ा रहा है। एक तरफ जहां पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, तो समुद्र में लगातार चक्रवाती चक्र बन रहा है। चक्रवात नेवार का खौफ टल तो गया है, लेकिन असर कायम है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु में 29 नवंबर के बाद एक बार फिर से भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवात बनने का पहला चरण होता है, ऐसे में विभाग इस पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में आने वाले दिनों में पारा गिरने के आसार हैं।  जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इस बार ला नीना भी सक्रिय होने के कारण कैस्पियन और भूमध्य सागर का पानी ठंडा हो रहा है। आने वाले दिनों में भी माहौल ऐसा ही रहने की संभावना है।

उत्तराखंड़ में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में हिमपात हो रहा है तो वहीं मसूरी और सुरकंडा और नागटिब्बा की पहाड़ियों पर भी बर्फ है।  आने वाले दिनों में राज्य में मौसम साफ रहने की आशंका है। हालांकि सर्द हवाएं चलने के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।