घर-घर कचरा जमा करने का लोगों से शुल्क न लें: विधायक जगताप

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – घर- घर जाकर कचरा संकलन के काम के लिए लोगों से सालाना 720 रुपए शुल्क लेने का फैसला पिंपरी चिंचवड मनपा द्वारा किया गया है। इस फैसले पर खुद सत्तादल भाजपा के शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप ने कड़ा ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि यह फैसला लोगों पर आर्थिक भार बढाने वाला फैसला है। इसका वहन मनपा को खुद करना चाहिए, यह कहकर उन्होंने इस फैसले को रद्द करने की सूचना मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर को दी है।
इस बारे में विधायक जगताप ने मनपा आयुक्त को एक पत्र भेजा है जिसमें कहा गया है कि, शहरभर से निर्माण होनेवाला कचरा संकलित करने के लिए मनपा ने अलग यंत्रणा कार्यान्वित की है। इसमें कई खामियां है, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। बजाय इसमें सुधार करने के मनपा घर घर का कचरा संकलन के लिए लोगों से मासिक 60 रुपए शुल्क लेने जा रही है। इससे हर शहरवासी पर सालाना 720 रुपए का आर्थिक भार बढ़ेगा। यह फैसला अन्यायकारी है, इस शुल्क का भार आमजनों पर डालना गलत होगा। घर घर का कचरा संकलन करने के लिए जो भी खर्च आता है उसका वहन मनपा को खुद करना चाहिए, ना कि उसे लोगों के माथे मारना चाहिए।