Diwali Special : धनतेरस के दिन न खरीदें ये चीजें, होता है अशुभ

मुंबईं : समाचार ऑनलाइन – दिवाली से एक दिन पहले धनतेरस के त्योहार पर खरीददारी करने का प्रचलन है। मान्यता है कि इस दिन नया सामान खरीदने से घर में लक्ष्मी का आगमन होता है।ऐसा करने से आपके धन में वृद्धि होती है और घर में समृद्धि आती है। इस साल धनतेरस 25 अक्‍टूबर को मनाई जाएगी। इस दिन कई चीजों को बाजार से खरीदकर दिवाली के दिन उसकी पूजा होती है। लेकिन, कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिसे धनतेरस के दिन खरीदना अशुभ माना जाता है।

 धनतेरस के दिन न खरीदें ये चीजें –
कांच के सामान –
धनतेरस के दिन कांच या फिर कांच की बनी चीजें नहीं खरीदना चाहिए। कांच का संबंध राहु से है और राहु नीच ग्रह माना जाता है। इसलिए धनतेरस के दिन ग्रह-नक्षत्रों को सही रखने के लिए कांच से संबंधित चीजें ना खरीदें।

लोहे की चीजें –
धनतेरस पर लोहे का सामान खरीदना अशुभ माना जाता है। इस दिन आप सोने का, चांदी का अन्य किसी भी धातु को खरीद सकते हैं मगर भूलकर भी इस दिन लोहे के किसी भी सामान को ना खरीदें। ये आपके लिए अशुभ हो सकता है।

एल्युमिनियम का बर्तन –
धनतेरस के शुभ दिन पर एल्युमिनियम का बर्तन भी खरीदना अशुभ माना जाता है। इसका संबंध भी राहु से है यही कारण कि एल्युमिनियम का प्रयोग पूजा-पाठ में नहीं किया जाता। साथ ही एल्युमिनियम के बर्तन में खाना बनाना भी सेहत के लिए भी काफी नुकासानदायक है।

काले रंग की वस्तुएं –
धनतेरस के दिन काले रंग की चीजों को घर लाने से बचना चाहिए। धनतेरस एक बहुत ही शुभ दिन है जबकि काला रंग हमेशा से दुर्भाग्य का प्रतीक माना गया है इसलिए धनतेरस पर काले रंग की चीजें खरीदने से बचें।

खाली बर्तन न लाये –
धनतेरस के दिन बहुत से लोग बर्तन खरीदते हैं, ध्यान रहे कि आप जो बर्तन खरीदकर घर ला रहे हों तो उसे खाली ना लाएं। खरीदे गए नए बर्तनों में पानी या फिर अनाज डाल लें, तभी उनको घर लाएं।

धारदार हथियार –
धनतेरस के दिन अगर आप खरीदारी करने निकले हैं तो चाकू, कैंची व दूसरे धारदार हथियारों को खरीदने से बचना चाहिए।

तेल –
धनतेरस के दिन तेल या तेल के उत्पादों जैसे घी, रिफाइंड इत्यादि लाने के लिए मना किया जाता है। धनतेरस पर दीये जलाने के लिए भी तेल और घी की जरूरत पड़ती है इसलिए ये चीजें पहले से ही खरीद कर रख लें।