शादी समारोह में दिव्यांग सैनिकों का सम्मान

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड शहर में सोमवार को संपन्न हुआ एक शादी समारोह सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शादी में मुख्य अतिथियों के रूप में कारगिल युद्ध के दिव्यांग वीर सैनिक और उनके परिवार वाले शामिल थे। इस शादी में कुल 12 दिव्यांग सैनिकों को दूल्हा-दुल्हन के हाथों सम्मानित किया गया। यही वजह है कि यह शादी समारोह अपने आप में अनोखा समारोह साबित हुआ और सोशल मीडिया पर चर्चा एवं सराहना का विषय बना है।
रिटायर्ड सैनिक धनेश्चर भोज की बेटी प्रियंका धनेश्वर भोस की शादी पिंपरी में वैभव के साथ सोमवार रात को हुई। भोज, 1999 में हुए कारगिल युद्ध के दौरान एक पैर से दिव्यांग हो गए थे। सेना से रिटायर्ड होने के बाद भी वे युद्ध के दौरान दिव्यांग हुए सैनिकों के संपर्क में रहे और बेटी की शादी में उन्हें सम्मानित करने की योजना बनाई। अपनी इस इच्छा से उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका को अवगत कराया और फिर 20 से ज्यादा दिव्यांग सैनिकों को शादी के लिए निमंत्रण भेजा गया, जिसमें से 12 सैनिक अपने परिवार संग पिंपरी पहुंचे।
इस अनोखी शादी को और खास बनाने के लिए इसमें देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। शादी में सभी बारातियों ने अपने गाल पर तिरंगे का रंग लगाया हुआ था। इस शादी में रिटायर्ड सैनिक रामदास पांडुरंग मोरे, शंकर श्रीराम लाखे, गोविंद बिरादार, सुरवसे व्ही.यम, पांडुरंग आनंदराव यादव, बसवराज पट्टनशेड्डी, सुर्वे विष्णू मोतीराम, जितेंद्र सिंह, अमित यादव, कलप्पा माने, साईनाथ पौल और कर्नल भार्गव शामिल हुए। इन सभी सैनिकों को सम्मान स्वरुप एक शाल और नारियल भेट में दिया गया।
शादी समारोह के बाद लड़की के पिता धनेश्चर भोज ने कहा, ‘कारगिल युद्ध में लड़े सभी सैनिक वीरता का प्रतीक हैं। लोग उनकी वीरता को याद रखे इसलिए सभी का सम्मान जरुरी था। मैंने अपनी इच्छा अपने बच्चों को बताई और सभी ने उसे पूरा करने में मेरा सहियोग किया। मैं आगे भी ऐसे उपक्रम करता रहूंगा।’ शादी के बाद प्रियंका ने कहा कि आज उन्हें पिता के तौर पर 12 वीर सैनिकों का आशीर्वाद मिला है।