सौर ऊर्जा से 100 फीसद चलने वाला देश का पहला केंद्र शासित प्रदेश बना दीव

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : दीव सौर ऊर्जा से 100 फीसद चलने वाला देश का पहला केंद्र शासित प्रदेश बन गया। दीव कुल 13 मेगावॉट बिजली सोलर पावर से उत्पादन करता है। इसमें से करीब  3 मेगावॉट बिजली छतों पर लगे सोलर प्लांट्स और 10 मेगावॉट अन्य सोलर पावर प्लांट्स से उत्पादन किया जाता है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को  गुजरात व महाराष्ट्र के निकटवर्ती केंद्र शासित प्रदेश दादर व नगर हवेली के दीव में मौजूद थे। उन्होंने  कहा, मुझे प्रसन्नता है कि दीव जिले में भी, आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। संघ राज्य-क्षेत्र के उत्साहपूर्ण प्रयासों से अब दीव शहर भारत का ऐसा पहला नगर बन गया है, जो दिन के समय अपनी ऊर्जा की शत-प्रतिशत जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी कर रहा है।

2018 में दीव में बिजली की डिमांड 7 मेगावॉट तक थी और सोलर प्लांट लगने के बाद करीब 10.5 मेगावॉट बिजली का उत्पादन सौर ऊर्जा से किया जाने लगा।  सोलर पावर के इस्तेमाल से लोगों को राहत मिली, 12 फीसद तक बिजली बिल कम हो गए।  दो साल पहले संयुक्त राष्ट्र ने सौर उर्जा के लिए बेहतरीन काम करने को लेकर भारत की सराहना की थी।