राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा कर रहे लोगों पर फायरिंग, जिला संघचालक जख्मी   

कोटा. ऑनलाइन टीम : अयोध्या में बनने जा रहे भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए देश भर में चंदा इकट्ठा किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने  चंदा लेने का अभियान शुरू किया है।  इस अभियान को राम मंदिर निधि संकल्प संग्रह अभियान नाम दिया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सबसे पहले चंदा देकर इस अभियान की शुरुआत की।

कोविंद ने चेक के जरिए 5 लाख 100 रुपए का चंदा दिया। इसमें संघ के कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं। क्षेत्रों को गांवों-कस्बों में बांटकर वे लगातार घूम रहे हैं। इस अभियान में पांच लाख से ज्यादा गांवों के 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों तक पहुंचने का टारगेट है। 27 फरवरी तक चलने वाले अभियान की हर रोज समीक्षा की जा रही है, ताकि चंदे के नाम पर कोई फ्रॉड नहीं हो।

इस बीच, जानकारी मिली है कि राजस्थान के कोटा में  कुछ अज्ञात लोगों ने चंदा इक्कठा कर रहे लोगों पर गोली चलाई। घटना कोटा के रामगंज मंडी की है। पुलिस ने  कहा कि जिला संघ संचालक दीपक शाह राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा इकट्ठा करने शाम 6-7 बजे निकले थे।

इसी बीच तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और दीपक शाह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक गोली दीपक शाह को पैर पर तो दूसरी गोली जांघ पर लगी।  इस घटना में तीन आरोपियों को झालवाड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। दीपक शाह को कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती करया गया है। दरअसल,  दीपक शाह को एक हिस्ट्रीशीटर ने धमकी दी थी। दीपक शाह ने इसकी शिकायत पुलिस में की थी।  हिस्ट्रीशीटर का नाम आशु पाया बताया जा रहा है।  फिलहाल दीपक की हालत सामान्य है।