पेशी के दौरान रो पड़ीं दिशा रवि, टूलकिट मामले में गिरफ्तारी हुई है

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : बेंगलुरु की जलवायु कार्यकर्ता 22 वर्षीय दिशा रवि को पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस  को पांच दिनों की रिमांड पर सौंपा है। उन्हें टूलकिट मामले में शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। पेशी के दौरान दिशा रो पड़ी और खुद को बेकसूर बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दिशा ने कहा कि वह कृषि कानून विरोधी आंदोलन से प्रभावित है और आंदोलनकारियों के समर्थन में ऐसा किया था।

यह है पृष्ठभूमि :  दिशा जलवायु कार्यकर्ता हैं और वर्ष 2018 में ग्लोबल क्लाइमेट स्ट्राइक मूवमेंट शुरू करने वाली संस्था फ्राइडे फार फ्यूचर इंडिया अभियान की संस्थापक सदस्य भी है। यह संस्था कई देशों में पर्यावरण और जलवायु से संबंधित मसलों पर काम करती है।

पुलिस ने आरोप लगाया है कि टूलकिट मामला खालिस्तानी ग्रुप को दोबारा खड़ा करने और भारत सरकार के खिलाफ एक बड़ी साजिश है।  26 जनवरी की हिंसा  में भी टूलकिट की साजिश के संकेत मिल रहे हैं। आरोप है कि दिशा रवि ने किसान आंदोलन के समर्थन में बनाई गई टूलकिट को एडिट किया है और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है। यह वही टूलकिट है, जिसे स्वीडिश जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने सोशल किया था। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर कहा है कि दिशा रवि उस टूलकिट की एडिटर हैं और उस दस्तावेज़ को तैयार करने से लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने वाली मुख्य साज़िशकर्ता हैं।