मॉब लिंचिंग: किसी को भी नहीं बख्शेंगे, फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला

मुख्यमंत्री की घोषणा

पुणे। समाचार ऑनलाइन

धुले मॉब लीचिंग मामले में सख्त भूमिका अपनाते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले के दोषियों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना में जिनका भी हाथ है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस मामले का मुकदमा फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने जनता से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।

उन्होंने कहा है कि, जनता को इस तरह की अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। मॉब लिंचिंग की घटना के पीछे जिन लोगों का हाथ है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इन मामलों में सख्ती से निपटेगी। महाराष्ट्र सीएमओ के आधिकारिक ट्वीट में सोशल मीडिया पर फैल रहे अफवाहों को रोकने और लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय करने की बात कही गई है।

वॉट्सऐप की अफवाहों ने ली 29 जानें

महाराष्ट्र के धुले जिले में भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में पांच लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं मालेगांव में इसी तरह की अफवाह के चलते चार लोगों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। पिछले कुछ दिनों में वॉट्सऐप मैसेज की अफवाहों के चलते देश के कई हिस्‍सों में लोगों को मार डालने की घटनाएं सामने आई हैं। झारखंड, त्रिपुरा, उत्‍तर प्रदेश में भी अफवाहों के चलते भीड़ ने कई लोगों की जान ले ली। फर्जी वॉट्सऐप मैसेज के चलते एक साल में 29 लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। महज संदेह के आधार पर भीड़ ने 29 लोगों को मार दिया।