विपक्षी दल के नेता के कार्यालय में तोड़फोड़

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवक और पिंपरी चिंचवड मनपा में विपक्षी दल के नेता दत्ता साने के जनसंपर्क कार्यालय पर हमला करते हुए तोड़फोड़ मचाई गई। शुक्रवार की दोपहर चिखली में हुई इस वारदात में जनसंपर्क कार्यालय की एक महिला कर्मी मामूली तौर पर चोटिल हुई है। इस बारे में चिखली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। बहरहाल इस घटना न केवल पिंपरी चिंचवड़ के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया बल्कि शहर में कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर दिया है।

चिखली थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालाजी सोनटक्के से मिली जानकारी के अनुसार, विपक्षी दल के नेता दत्ता साने का चिखली में जनसंपर्क कार्यालय है। आज दोपहर चार बजे के करीब तीन अज्ञात युवकों ने यहां घातक हथियारों से तोड़फोड़ मचाई। इस तोड़फोड़ में यहां काम करनेवाली एक महिलाकर्मी चोटिल भी हुई। हमलावरों ने साने की फ़ोटो पर हथियार से क्रॉस बनाया और इसके बाद यहां से भाग निकले। इस तोड़फोड़ की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही दत्ता साने, मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) के शहराध्यक्ष व नगरसेवक सचिन चिखले मौके पर पहुंचे। चिखली पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। खबर लिखने तक इस वारदात के बारे में मामला दर्ज करने का काम जारी रहा। हमलावर कौन थे, उन्होंने यह तोड़फोड़ क्यों मचाई? इस बारे में कुछ भी जाना नहीं जा सका। हालांकि बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उसके फुटेज हासिल कर पुलिस हमलावरों की शिनाख्त में जुट गई है।