सिंहगढ़, डेक्कन, प्रगति एक्सप्रेस ट्रेनों की समयसारिणी बदलने की मांग

पिंपरी। सँवाददाता – पांच दिनी कार्य सप्ताह की घोषणा के साथ सरकारी कर्मचारियों के कामकाज का समय भी बदल दिया गया है। पुणे से कई सरकारी कर्मचारी मुंबई नौकरी के लिए जाते हैं। इसके लिए वे रोजाना सिंहगड एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन और प्रगति एक्स्प्रेस ट्रेनों से सफर करते हैं। अब जब सरकारी कर्मचारियों के कामकाज का समय बदल दिया गया है तब इन ट्रेनों की समयसारिणी में भी जरूरी बदलाव करना चाहिए। इस ओर ध्यानाकर्षित करते हुए पुणे के शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस के सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने मंगलवार को केंद्रीय रेल्वेमंत्री पियुष गोयल से दरकार लगाई है।

 

पुणे व पिंपरी चिंचवड रेलवे प्रवासी संगठनों ने सांसद डॉ. कोल्हे से मिलकर सिंहगड एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन और प्रगति एक्स्प्रेस ट्रेनों की समयसारिणी बदलने की मांग की है। उन्हें सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि, महाराष्ट्र सरकार ने हालिया सरकारी, अर्ध सरकारी कर्मचारियों के कार्यालयीन कामकाज के लिए पांच दिनी कार्य सप्ताह की घोषणा की है। इसके लिए उनके कामकाज का समय भी बदलकर सुबह 9.45 से शाम 6.15 तय किया गया है। पुणे से मुंबई रोजाना सिंहगढ़ म एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन और प्रगति एक्स्प्रेस ट्रेनों  से सफर करते हैं। बदले हुए समय के अनुसार इन ट्रेनों की समयसारिणी असुविधा जनक साबित हो रही है और पुणे में रहनेवाले सरकारी कर्मचारी समय पर मुंबई अपने दफ्तर नहीं पहुंच पा रहे हैं। सांसद डॉ. कोल्हे ने संसद अधिवेशन के
दूसरे ही दिन रेलमंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर उक्त ट्रेनों की समयसारिणी बदलने की मांग की। इस पर गोयल ने मुंबई उपनगरीय ट्रेनों की समयसारिणी देखकर सकारात्मक फैसले का भरोसा दिलाया।