मुंबई की बारिश ने पकड़वाया दिल्ली का चोर

पुणे | समाचार ऑनलाइन

जहां मुंबई की बारिश ने चारों तरफ त्राहि- त्राहि मचाकर जनजीवन को प्रभावित किया वहीं दिल्ली में एक भाजपा नेता के घर से चोरी कर भागे एक चोर को पकड़वाने में भी अहम भूमिका निभाई। इसके चलते दो बार हाथ से निकलने के बावजूद पुलिस उसे पकड़ने में कामयाब रही। आरोपी की पहचान यूपी के जौनपुर जिले के रहने वाले विजय प्रकाश यादव (30) के रूप में हुई है।

दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रामेश्वर प्रसाद चौरसिया के सरकारी आवास पर हुई लाखों की चोरी के मामले में आरोपी यादव को गिरफ्तार किया है, वह चौरसिया के घर में ही नौकर का काम करता था। उसके पास से पुलिस ने 50 हजार रुपये कैश, सोने का एक कड़ा, दो अंगूठी, एक चेन, सोने की एक घड़ी और मोबाइल भी जब्त किया है। 6 जुलाई को रामेश्वर प्रसाद चौरसिया ने साउथ एवेन्यू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में चोरी हो गई है। चोर उनके घर से करीब 4 लाख रुपये की जूलरी और 50 हजार रुपये कैश चुरा ले गया था।

इस घटना के बाद से उनका नौकर विजय प्रकाश यादव गायब था। पुलिस ने उसका मोबाइल भी सर्विलांस पर लगा रखा था। उसी के जरिए 7 तारीख को पता चला कि वह मुंबई में है। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए मुंबई पुलिस से सहयोग मांगा, लेकिन जब तक पुलिस उस होटल में पहुंची, जहां विजय ठहरा हुआ था, तब वह विजय वहां से जा चुका था। इसके बाद 9 तारीख को फिर पुलिस को मुंबई में ही एक अन्य जगह पर विजय की लोकेश पता चली, लेकिन जब पुलिस टीम उसे पकड़ने निकली, तो वापी स्टेशन पर बाढ़ में फंस गई।

आखिरकार 10 तारीख को दिल्ली पुलिस की एक टीम को मुंबई भेजा गया और वहां मुंबई पुलिस के साथ एक जगह छापा मारकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उस वक्त भी वह होटल छोड़कर जा ही रहा था, लेकिन तेज बारिश के चलते उसे रुकना पड़ा और इस बार पुलिस उसे पकड़ने में कामयाब रही। पुलिस के मुताबिक असल में चोरी के बाद वह मौज मजे करने के लिए मुंबई गया था, लेकिन वहां हो रही तेज बारिश और बाढ़ के हालात के चलते वह ज्यादा कहीं जा नहीं पाया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।